नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बहराइच हिंसा के आरोपियों की पुलिस के साथ मुठभेड़ में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। नेपाल की सीमा पर बहसरी नहर के पास मुठभेड़ हुई है। इन लोगों में से दो आरोपियों सरफराज और फहीम को गोली लगी है। ये दोनों मुख्य आरोपी अब्दुल हमीद के बेटे हैं।
मुख्य आरोपी अब्दुल हमीद की बेटी ने क्या कहा
इसी बीच मुख्य आरोपी अब्दुल हमीद की बेटी रुखसार का बयान सामने आया है उन्होंने कहा है कि मंगलवार शाम को उनके पिता अब्दुल हमीद और इनके 2 भाइयों सरफराज और फहीम को यूपी की STF की टीम ले गई थी। इनके पति और बहनोई को भी उठाया गया है और इन लोगों से संबंधित परिवार को कोई जानकारी नहीं मिली है। परिवार को डर है कि ये लोग मुठभेड में मारे जा सकते हैं। उन्होंने यूपी के सीएम से मदद की गुहार लगाई है। आरोपियों के परिवार ने यह भी कहा है कि एक दिन पहले ही पुलिस इन्हें उठाकर ले गई थी फिर मुठभेड़ कैसे हुई।
रामगोपाल की हत्या में शामिल थे आरोपी
यह 5 आरोपी बहराइच हिंसा में मारे गए रामगोपाल मिश्रा की हत्या में शामिल थे। इस घटना के कुछ वीडियोज भी सामने आए हैं जिसके अनुसार जिनमें अब्दुल हमीद की छत पर 4-5 लोग नजर आ रहे हैं। इसके कुछ देर बाद रामगोपाल को गोली मार दी गई।
डीजीपी ने क्या कहा
उत्तर प्रदेश के DGP के अनुसार आरोपियों की हालत गंभीर है। सभी के खिलाफ रासुका की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि हमारी टीमें काम कर रही हैं।
उल्लेखनीय है कि इस मामले पर कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने पुलिस अधिकारियों के खिलाफ एक्शन लिया है। इस कार्रवाई के तहत महसी चौकी इंचार्ज और हरदी थाने के एसओ को निलंबित करने के बाद महसी के CO रुपेंद्र गौड़ को हटा दिया गया है। पीड़ित के परिवार को सरकार की ओर से 10 लाख रुपये मुआवजा, पीएम आवास योजना के तहत एक घर और एक अंत्योदय कार्ड दिया गया है।




