अमरावती, 15 फरवरी (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश सरकार ने मंगलवार को पुलिस महानिदेशक डी. गौतम सवांग को हटा दिया और कासिरेड्डी वी.आर.एन. रेड्डी को नया पुलिस प्रमुख नियुक्त किया गया है। सवांग को अपनी अगली पोस्टिंग के लिए सामान्य प्रशासन विभाग को रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है। केवीआरएन रेड्डी, पुलिस महानिदेशक (खुफिया) को अगले आदेश तक डीजीपी के रूप में पूर्ण अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। मुख्य सचिव समीर शर्मा ने इस बाबत शासनादेश (जीओ) जारी किया है। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 1992 बैच से संबंधित, केवीआरएन रेड्डी अगस्त 2020 से राज्य के खुफिया प्रमुख के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने पहले हैदराबाद में पुलिस उपायुक्त, विजयवाड़ा रेलवे एसपी और विजयवाड़ा और विशाखापत्तनम पुलिस आयुक्त के रूप में विभिन्न पदों पर काम किया था। उन्होंने नारकोटिक्स कंट्रोल सेल का भी नेतृत्व किया। सवांग का स्थानांतरण हैरानी भरा रहा है, क्योंकि वह जुलाई 2023 में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। इस मामले ने नौकरशाही हलकों में कुछ भौंहें चढ़ा दी हैं। यह लगभग दो सप्ताह बाद आया है, जब सरकारी कर्मचारियों ने विजयवाड़ा में पुलिस द्वारा अनुमति से इनकार करने और शहर में प्रतिबंध लगाने के बावजूद भारी विरोध प्रदर्शन किया। राज्य भर से हजारों कर्मचारी 3 फरवरी को चलो विजयवाड़ा के लिए शहर पहुंचने में कामयाब रहे। इसे पुलिस की बड़ी विफलता के रूप में देखा गया। मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने कथित तौर पर घटना को गंभीरता से लिया था। अगले दिन उन्होंने डीजीपी को फोन कर स्पष्टीकरण मांगा था। मई 2019 में मुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद, जगन मोहन रेड्डी ने गौतम सवांग को पुलिस प्रमुख के रूप में चुना था। 1986 बैच के कढर अधिकारी सवांग ने आर.पी ठाकुर का स्थान लिया। तेलंगाना को आंध्र प्रदेश से अलग करने से पहले, सवांग ने माओवादी प्रभावित वारंगल जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) और पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) सहित विभिन्न पदों पर काम किया। 2015 में, वह विजयवाड़ा में पुलिस आयुक्त बने और तीन साल बाद, उन्हें आंध्र प्रदेश के डीजी, सतर्कता (विजिलेंस) और प्रवर्तन के रूप में नियुक्त किया गया। 2009-12 के दौरान, उन्होंने लाइबेरिया में संयुक्त राष्ट्र पुलिस के आयुक्त के रूप में कार्य किया। –आईएएनएस एचके/आरजेएस




