कोलकाता, 09 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के चुनाव वाले क्षेत्रों में प्रचार के लिए पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज ममता बनर्जी के विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर इलाके में घर-घर जनसंपर्क किया। प्रचार के दौरान उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी राज्य की बाकी सीटों की तरह इस सीट पर भी कब्जा करेगी। शुक्रवार को केन्द्रीय मंत्री शाह ने दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार तथा अभिनेता रुद्रनिल घोष के समर्थन में जनसंपर्क कियाा। इस क्षेत्र में गुजरातियों की अच्छी-खासी संख्या है। जनसंपर्क के दौरान कई स्थानों पर महिलाओं ने शाह का तिलक कर और शंख बजाकर उनका स्वागत किया। शाह ने घर-घर जाकर लोगों से पार्टी की प्रचार सामग्री सौंप कर पार्टी के लिए वोट मांगा। इस दौरान शाह ने हाथ जोड़कर स्थानीय निवासियों से ‘कमल चिह्नो मी वोट दीजिये’ यानी कमल को वोट देने की अपील की। शाह के जनसंपर्क के दौरान रुद्रनिल के अलावा तारकेश्वर सीट से भाजपा उम्मीदवार स्वप्न दासगुप्ता, पार्टी कार्यकर्ता और राज्य के नेता भी शाह के साथ मौजूद थे। इस दौरान शाह क्षेत्र के बाकुलबागन और नजदीकी इलाकों में भी गए थे। शाह ने भवानीपुर में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि मेरी बात लिख लीजिये। भाजपा अन्य सीटों की तरह ही भवानीपुर सीट पर भी बड़े अंतर से जीत दर्ज करने वाली है। उल्लेखनीय है कि भवानीपुर क्षेत्र मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का गढ़ माना जाता है। वह इसी सीट से चुनाव लड़ती रही थीं, लेकिन इस बार उन्होंने नंदीग्राम से चुनाव लड़ा। जनसंपर्क के बाद शाह ने भवानीपुर के जस्टिस चंद्रमाधव रोड इलाके में भाजपा के वरिष्ठ नेता समरेंद्र प्रसाद विश्वास के घर पर शाकाहारी बंगाली भोजन किया। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश




