नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। विधानसभा चुनावों के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को हरियाणा के लोहारू में पहुंचे थे। इस दौरान एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस नेता भूपेंद्र हुड्डा और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वो अग्निपथ योजना पर राजनीति कर रहे हैं। वो लोहारू में बीजेपी उम्मीदवार जेपी दलाल के पक्ष में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
अमित शाह ने आतंकियों को रिहा करने का एजेंडा रखने का लगाया आरोप
अमित शाह ने राहुल गांधी और नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला पर आतंकियों को रिहा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि दोनों जम्मू-कश्मीर में आतंकियों को रिहा करने और पाकिस्तान के साथ बातचीत चाहते हैं। राहुल बाबा किसी भी भाषा में झूठ बोल सकते हैं। उन्होंने राहुल गांधी से सवाल पूछते हुए कहा कि वो जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को खत्म करने के विरोध में हैं या समर्थन में हैं?
नेशनल कॉन्फ्रेंस ने अपने घोषणा पत्र में 370 की वापसी की कही है बात
बता दें कि, नेशनल कॉन्फ्रेंस ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए जारी घोषणा पत्र में अनुच्छेद 370 की वापसी की बात कही है। वहीं कांग्रेस जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। अमित शाह ने वन रैंक वन पेंशन योजना को लेकर कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पीएम मोदी ने ही वन रैंक वन पेंशन योजना को लागू किया था। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अर्ध सैनिक बलों और कई राज्यों ने अपने पुलिस बलों में अग्निवीरों के लिए 20 फीसदी आरक्षण देने की बात कही है।
हुड्डा एंड कंपनी का काम झूठ फैलाना है- शाह
अमित शाह ने भूपेंद्र हुड्डा और राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि हुड्डा एंड कंपनी का काम झूठ फैलाना है। वो कह रहे हैं कि 4 साल की सेवा के बाद अग्निवीरों का क्या होगा, लेकिन मैं कह रहा हूं कि सेना की सेवा के बाद कोई अग्निवीर बेरोजगार नहीं रहेगा, इसकी जिम्मेदारी भाजपा लेती है। हमने केंद्रीय अर्ध सैनिक बलों व अन्य राज्यों की पुलिस फोर्स में आरक्षण की व्यवस्था की है। अमित शाह के साथ मंच पर CM नायब सिंह सैनी, हरियाणा प्रभारी बिप्लब कुमार देब, सांसद किरण चौधरी व अन्य नेता मौजूद रहे।




