नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । राजधानी दिल्ली, राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में गर्मी से लोगों बेहाल है। इस बीच देश के राज्यों में बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने बिहार, दक्षिण भारत और पहाड़ी राज्यों में बारिश व आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में तेज हवाएं और धूल भरी आंधी चल सकती है। जबकि बिहार के कई जिलों में भारी बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों में उत्तर, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार 18 और 19 अप्रैल को जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना हैं। साथ ही धूल भरी आंधी भी चल सकती है। वहीं, राजस्थान में ऐसा ही हाल रहेगा। हालांकि 20 अप्रैल के बाद मौसम करवट बदलेगा और गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।
बिहार में आज बारिश की संभावना
मौसम विभाग का कहना है कि बिहार के कुछ हिस्सों में आज यानि 18 अप्रैल को पूरे राज्य में बारिश होने के संकेत है। यहां 18 जिलों में येलो अलर्ट और 20 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 19 अप्रैल को भी राज्य के 17 जिलों में बारिश की संभावना है।
दिल्ली में तापमान में लगातार इज़ाफा, लेकिन लू से राहत
राजधानी दिल्ली में गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है और तापमान धीरे-धीरे चढ़ता जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की मानें तो 18 से 23 अप्रैल तक दिल्ली का मौसम साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हालांकि, राहत की बात यह है कि अभी तक लू चलने के आसार नहीं हैं और न ही किसी तरह का हीटवेव अलर्ट जारी किया गया है। फिलहाल गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है।
राजस्थान और गुजरात में गर्मी ने दिखाए तेवर
वहीं दूसरी ओर, राजस्थान और गुजरात में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन दोनों राज्यों के कुछ इलाकों में 19 अप्रैल तक लू का असर देखने को मिलेगा। पश्चिमी राजस्थान में आज 18 अप्रैल को और पूर्वी राजस्थान में 18 से 19 अप्रैल तक लू की स्थिति बन सकती है। इसी तरह, गुजरात के कुछ भागों में भी 18 अप्रैल को लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।




