नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने फरहान अख्तर की फिल्म ‘120 बहादुर’ देखी और इसकी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह फिल्म भारतीय सेना के गौरवपूर्ण इतिहास की याद दिलाती है और हर भारतीय को इसे जरूर देखना चाहिए। सोशल मीडिया पर उनका रिएक्शन खूब चर्चा में है।
फिल्म को बताया ‘मस्ट वॉच’
फिल्म देखने के बाद मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि रेजांग ला की लड़ाई पर बनी यह फिल्म नई पीढ़ी को भारतीय सैनिकों के साहस से परिचित करवाती है। अखिलेश यादव ने कहा,“फिल्म में एक असली जंग और सैनिकों की असाधारण बहादुरी दिखाई गई है। भारतीय सेना दुनिया की सबसे बहादुर सेनाओं में से एक है, जो हर चुनौती में देश की रक्षा करती है। यह फिल्म सभी को देखनी चाहिए। उन्होंने खासतौर पर कैप्टन रामचंदर यादव और अन्य वीर सैनिकों के शौर्य को नमन किया।
सोशल मीडिया पर शेयर की तस्वीरें
अखिलेश यादव ने फिल्म देखने के बाद एक्स पर पोस्ट भी किया। उन्होंने थिएटर में ली गई तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “देशभक्ति सिर्फ नारा नहीं, देश पर जान न्योछावर करने का पक्का इरादा होना चाहिए। अच्छी फिल्म का अच्छा संदेश!” उनके साथ पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता भी फिल्म देखने पहुंचे थे।
क्या है फिल्म की कहानी?
120 बहादुर वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध में हुई ऐतिहासिक रेज़ांग ला की लड़ाई पर आधारित है। इस लड़ाई में 13 कुमाऊं रेजिमेंट के 120 वीर भारतीय सैनिकों ने अद्वितीय साहस का प्रदर्शन किया था। फिल्म में फरहान अख्तर मेजर शैतान सिंह भाटी, PVC की भूमिका निभा रहे हैं, जिन्होंने अपनी टीम के साथ आखिरी सांस तक मोर्चा संभाले रखा। फिल्म की टैगलाइन हम पीछे नहीं हटेंगे पूरी कहानी की भावना को दिखाती है।
फिल्म अब थिएटर्स में रिलीज
रजनीश ‘रेजी’ घोष द्वारा निर्देशित यह फिल्म एक्सेल एंटरटेनमेंट और ट्रिगर हैप्पी स्टूडियोज़ के बैनर तले बनी है और अब सिनेमाघरों में जारी है। देशभक्ति और ऐतिहासिक घटनाओं में रुचि रखने वालों के लिए यह फिल्म खास आकर्षण बन गई है।





