back to top
17.1 C
New Delhi
Friday, March 20, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

वायु प्रदूषण का आंखों पर भी पड़ता है गंभीर असर, जलन और खुजली की समस्‍या से निजात पाने अपनाएं ये उपाय

वायु प्रदूषण का असर हमारी आंखें पर भी पड़ता है। क्‍योंकि यह बाहरी वातावरण के सीधे संपर्क में सबसे अधिक रहती हैं। इसलिए वायु प्रदूषण के प्रति अत्यधिक संवेदनशील मानी जाती हैं।

नई दिल्‍ली / रफ्तार डेस्‍क । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर समेत कई राज्यों में इन दिनों वायु प्रदूषण का स्तर चिंताजनक रूप से बढ़ा है। हवा में मौजूद प्रदूषक सांस के माध्यम से शरीर में प्रवेश करके कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं को बढ़ा सकते हैं। इससे सांस से संबंधित रोगों का जोखिम तो बढ़ता ही है, साथ ही हृदय रोग, फेफड़ों में संक्रमण और अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।

प्रारंभिक स्तर पर प्रदूषण के संपर्क में रहने से आंखों में जलन, लालिमा और खुजली जैसी परेशानियां सबसे अधिक देखी जाती हैं। आंखें हमारे शरीर का सबसे नाजुक अंग हैं और बाहरी वातावरण के सीधे संपर्क में होने के कारण वायु प्रदूषण के प्रति अत्यधिक संवेदनशील मानी जाती हैं। यही कारण है कि कुछ लोगों को थोड़े समय के लिए भी प्रदूषित हवा में रहने से आंखों में जलन या लालिमा महसूस हो सकती है। अगर आप भी प्रदूषित वातावरण में रहते हैं और आंखों की इन समस्याओं का अनुभव कर रहे हैं, तो आइए जानते हैं कि कौन-कौन से आसान उपाय अपनाकर आप राहत पा सकते हैं।

प्रदूषण से आंखों पर पड़ रहे गंभीर प्रभाव

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि दिल्ली और उसके आस-पास के क्षेत्रों में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। शोधों के अनुसार, एनसीआर की हवा की गुणवत्ता कुछ दिनों में एक व्यक्ति के लिए लगभग चालीस सिगरेट पीने जितनी हानिकारक साबित हो सकती है। हमारी आंखें पर्यावरण में मौजूद हानिकारक रसायनों के सबसे अधिक सीधे संपर्क में आती हैं। इसके परिणामस्वरूप एलर्जी, जलन, खुजली और आंखों की गंभीर क्षति का खतरा बढ़ जाता है। स्मॉग और प्रदूषण के लगातार संपर्क में रहने से आंखों की नाजुक झिल्ली प्रभावित हो सकती है, जिससे दृष्टि संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं।

जानें आम लक्षण और बचाव के उपाय

वायु प्रदूषण और धुंध के कारण आंखों में कई तरह की समस्याएं सामने आ सकती हैं। सबसे आम शिकायतों में आंखों से पानी आना, जलन और दर्द, लालिमा और सूजन शामिल हैं। इसके अलावा, प्रदूषण के लगातार संपर्क में रहने से ड्राई आइज यानी आंखों का अत्यधिक सूखापन हो सकता है। इसमें आंखों में किरकिरापन, खुरचना, या ऐसा महसूस होना कि आंख में कोई कण फंसा है जैसी समस्याएं हो सकती हैं। आंखों में एलर्जी के कारण भी खुजली, लालिमा, पानी आना, पलकों में सूजन, धुंधला दिखना और संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। अगर आपको इन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, तो कुछ सरल और प्रभावी उपाय अपनाकर राहत पाई जा सकती है।

डॉक्टर की सलाह : प्रदूषण से आंखों की सुरक्षा के लिए अपनाएं ये उपाय

विशेषज्ञ डॉक्टरों का कहना है कि सबसे महत्वपूर्ण कदम यह है कि आंखों को हानिकारक प्रदूषकों के संपर्क से बचाया जाए। जब प्रदूषण का स्तर अधिक हो, तो विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है। घर के अंदर रहें, खासकर सुबह के समय जब प्रदूषण अपने चरम पर होता है। अगर बाहर निकलना जरूरी हो, तो सुरक्षात्मक चश्मा पहनें, ताकि आंखों को प्रदूषकों के सीधे संपर्क से बचाया जा सके। जिन लोगों को पहले से ही आंखों की कोई समस्या है, उन्हें और भी सतर्क रहने की सलाह दी जाती है। इस प्रकार सरल सावधानियों को अपनाकर आंखों की सुरक्षा और जलन, खुजली जैसी परेशानियों से राहत पाई जा सकती है।

आंखों में जलन या खुजली हो तो अपनाएं ये आसान उपाय

अगर आंखों में किसी भी तरह की समस्या हो रही है, तो निम्नलिखित उपाय अपनाकर राहत पाई जा सकती है:-

हाथ साफ रखें और आंखें न छुएं : बार-बार हाथ धोने से संक्रमण का खतरा कम होता है।

शरीर को हाइड्रेटेड रखें : पर्याप्त पानी पीने से आंखें पर्याप्त आंसू बना सकती हैं, जिससे ड्राई आइज की समस्या कम होती है।

आंखों को रगड़ें नहीं : जलन या खुजली होने पर आंखों को रगड़ने से स्थिति और बिगड़ सकती है।

साफ पानी से आंखें धोएं : जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से आई ड्रॉप का उपयोग किया जा सकता है।

स्क्रीन टाइम कम करें : मोबाइल, लैपटॉप या किसी स्क्रीन वाली डिवाइस का अत्यधिक उपयोग ड्राई आइज का खतरा बढ़ा सकता है।

धूप का चश्मा पहनें : बाहर जाते समय आंखों को प्रदूषण और धूल से बचाने के लिए आंखों को पूरी तरह कवर करने वाला चश्मा उपयोग करें।

इन आसान उपायों को अपनाकर आप आंखों की जलन, खुजली और ड्राई आइज जैसी समस्याओं से आराम पा सकते हैं।

नोट: यह लेख विभिन्न जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है। प्रस्तुत जानकारी केवल सूचना उद्देश्यों के लिए है। हम इसके सत्यापन, प्रभाव या परिणामों के लिए किसी भी तरह की जिम्मेदारी या दावा नहीं करते हैं। स्वास्थ्य समस्या या बीमारी से संबंधित अधिक जानकारी के लिए कृपया अपने डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श अवश्‍य लें।

Advertisementspot_img

Also Read:

प्रदूषण से चेहरे की चमक हुई फीकी? अपनाएं ये 6 आसान स्किन केयर टिप्स

नई दिल्‍ली / रफ्तार डेस्‍क ।बढ़ता प्रदूषण सिर्फ फेफड़ों और स्वास्थ्य के लिए ही खतरा नहीं है, बल्कि यह हमारी त्वचा को भी नुकसान...
spot_img

Latest Stories

Shukrwar Mantra: इन मंत्रों के जाप से प्रसन्न हो जाती हैं माता लक्ष्मी, जीवन भर नहीं होती धन की कमी

नई दिल्ली रफ्तार डेस्क। शुक्रवार का दिन माता लक्ष्मी...