नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । उत्तर प्रदेश की गाजीपुर सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर नेम प्लेट विवाद समेत कई राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय व्यक्त की है। उन्होंने कांवड़ यात्रा को लेकर BKU नेता नरेश टिकैत के बयान का समर्थन किया और मऊ सदर सीट से बृजेश सिंह के चुनाव लड़ने पर भी प्रतिक्रिया दी।
भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कांवड़ यात्रा में डीजे पर प्रतिबंध लगाने की बात कही थी, जिससे अफजाल अंसारी ने भी सहमति जताई। उन्होंने कहा कि ”टिकैत साहब की कही बातों को भी सुना जाना चाहिए और हर मुद्दे को विवाद का रूप देना सही नहीं है। सावन के पूरे महीने चलने वाली कांवड़ यात्रा श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी है, इसलिए सरकार का दायित्व है कि वह उचित प्रबंध करे, जिसमें किसी को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए।”
मऊ उपचुनाव को लेकर क्या बोले अफजाल अंसारी ?
मऊ सदर सीट से बृजेश सिंह के चुनाव लड़ने के विषय में पूछे जाने पर अफजाल अंसारी ने कहा कि इस मामले में अपील की प्रक्रिया चल रही है, और अब्बास अंसारी ने भी अपील दायर की है। इस मामले की सुनवाई बाकी है, इसलिए निर्णय का इंतजार करना चाहिए। उन्होंने मऊ में उपचुनाव की चर्चा पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हो सकता है कुछ लोगों को फैसला पहले से पता हो, लेकिन हमें अभी तक कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। उनकी उम्मीद है कि अब्बास को जमानत मिलेगी और सजा को भी निलंबित किया जाएगा। अंसारी ने कहा कि लोकतंत्र में जब तक चुनाव की अधिसूचना जारी नहीं होती, तब तक ऐसी अटकलें फैलाना सही नहीं है। चुनाव की तारीख आने पर ही यह तय होगा कि कौन चुनाव लड़ता है और कौन नहीं। फिलहाल अदालत के फैसले का इंतजार करना चाहिए, उसके बाद ही स्थिति पर चर्चा की जाएगी।




