नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। भारत राष्ट्र समिति (BRS) की वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी के. कविता ने पार्टी से निलंबन के एक दिन बाद विधान परिषद (MLC) से भी इस्तीफा दे दिया है। साथ ही उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर साजिश का शिकार बनाए जाने का आरोप लगाया है।उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलकर आरोप लगाए कि पार्टी में कुछ नेता निजी स्वार्थ में उनके परिवार को तोड़ना चाहते हैं।
”हमारा रिश्ता ऐसा नहीं कि निलंबन से टूट जाए”
कविता ने भावुक अंदाज में कहा, हमारा रिश्ता ऐसा नहीं कि निलंबन से टूट जाए। लेकिन कुछ लोग चाहते हैं कि हमारा परिवार बिखर जाए ताकि वे सत्ता में आ सकें। उन्होंने सीधे तौर पर हरीश राव और संतोष राव पर निशाना साधा और कहा कि ये दोनों नेता अंदर से पार्टी को कमजोर कर रहे हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, संतोष राव तो करी में नमक जैसे हैं, लेकिन पार्टी पर कब्ज़ा करने की साजिश में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
कल केटीआर भी इसी निशाने पर हो सकते हैं-के.कविता
कविता ने कहा कि बीआरएस अध्यक्ष केसीआर को पार्टी के भीतर चल रही साजिशों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि आज उन्हें बाहर किया गया है, कल केटीआर भी इसी निशाने पर हो सकते हैं। कविता ने यह भी कहा कि उन्होंने 47 विधानसभा क्षेत्रों में जनहित के मुद्दे उठाए, महिलाओं के लिए आंदोलन किए और समाज के पिछड़े वर्गों की आवाज बनीं। लेकिन इसके बावजूद उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों” का हवाला देकर बाहर कर दिया गया।उन्होंने यह भी कहा कि जब वह साजिशों की बात करती हैं तो केटीआर तक कोई जवाब नहीं देते। जबकि पहले उनके खिलाफ भी अभियान चलाने की बात खुद पार्टी नेताओं ने मानी थी।
के. कविता का बयान
इस्तीफे के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कविता ने कहा, मैं लंबे समय से पार्टी के लिए निष्ठा से काम कर रही थी। लेकिन अब यह स्पष्ट हो गया है कि पार्टी के कुछ अंदरूनी नेता मेरे खिलाफ षड्यंत्र रच रहे हैं। मुझे बोलने का मौका भी नहीं दिया गया। यह सिर्फ राजनीतिक साजिश है।उन्होंने यह भी दावा किया कि पार्टी नेतृत्व, विशेष रूप से केटीआर (के. टी. रामाराव) ने इस पूरे मामले में उनका साथ नहीं दिया।
के. कविता ने MLC पद क्यों छोड़ा?
के. कविता तेलंगाना विधान परिषद में बीआरएस की सदस्य थीं। उनका कार्यकाल अभी बाकी था, लेकिन उन्होंने स्वेच्छा से इस्तीफा देकर संकेत दे दिया कि वे अब पार्टी से पूर्णतः नाता तोड़ चुकी हैं। वहीं BRS पार्टी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, कविता ने हाल के महीनों में कई बार पार्टी लाइन से हटकर बयान दिए। उनकी गतिविधियाँ पार्टी अनुशासन के खिलाफ थीं, जिस कारण उन्हें निलंबित किया गया।पार्टी ने यह भी कहा कि यह निर्णय संगठन की एकता और मजबूती के लिए लिया गया है।
BRS में आंतरिक खींचतान
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस घटनाक्रम से पार्टी के भीतर गुटबाजी और असंतोष खुलकर सामने आ गया है। KCR की बेटी होने के बावजूद कविता को जिस तरह सस्पेंड किया गया, वह BRS में आंतरिक खींचतान और नेतृत्व संकट को उजागर करता है।





