नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । उत्तर प्रदेश की राजनीति में उस समय हलचल तेज हो गई जब भारतीय जनता पार्टी (BJP) से निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद गठबंधन तोड़ने की धमकी दी थी। लेकिन इस बीच सूबे की सियासत से जुड़ी एक बड़ी जानकारी सामने आ रही है। यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की है।
संजय निषाद की सीएम योगी से ये मुलाक़ात ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में उन्होंने बीजेपी को गठबंधन तोड़ने की धमकी दी थी। इस बैठक के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। बीजेपी और निषाद पार्टी में तनाव के बीच मंत्री संजय निषाद रविवार को सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की।
इस मौके पर उनके साथ बेटे अमित निषाद भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान संजय निषाद ने हाल ही में दिए अपने बयानों पर मुख्यमंत्री के समक्ष स्पष्टीकरण दिए है और स्थिति को स्पष्ट करने का प्रयास किया। यह मुलाकात उनके राजनीतिक रुख और सरकार के साथ संबंधों को संतुलित करने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
CM योगी से मिले संजय निषाद
सूत्रों के अनुसार, सीएम योगी ने संजय निषाद को सभी लंबित मामलों के समाधान का आश्वासन दिया। हालांकि संजय निषाद ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया, लेकिन बैठक के दौरान निषाद आरक्षण और बाढ़ से जूझ रहे मछुआरों की समस्याओं पर गंभीर चर्चा हुई, जो उनके राजनीतिक एजेंडे और समुदाय से जुड़े मुद्दों को रेखांकित करती है।
संजय निषाद ने दी थी गठबंधन तोड़ने की धमकी
यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि हाल ही में गोरखपुर में निषाद पार्टी के कार्यक्रम में संजय निषाद ने मंच से भाजपा के प्रति खुली नाराज़गी जताई थी। उन्होंने यहां तक चुनौती दी थी कि यदि भाजपा को छोटे दलों से कोई लाभ नहीं दिखता, तो उसे गठबंधन तोड़ देने में हिचकिचाना नहीं चाहिए।
बीजेपी पर संजय निषाद का तीखा प्रहार
संजय निषाद ने तीखा हमला बोलते हुए कहा था कि बीजेपी बाहरी नेताओं से उनके खिलाफ बयान दिलवाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 2024 के चुनाव में निषाद समाज को कोई ठोस लाभ नहीं मिला, लेकिन 2027 में हालात अलग हो सकते हैं। साथ ही उन्होंने दो टूक कहा कि उनकी पार्टी किसी से भीख मांगने की जरूरत महसूस नहीं करती।
बयान के बाद भाजपा चीफ ने किया फोन
सूत्रों के अनुसार, संजय निषाद के विवादित बयान के तुरंत बाद ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने उनसे संपर्क किया और मामले को सुलझाने का भरोसा दिया। इसके बाद संजय निषाद ने गुरुवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से भी मुलाकात की, जिसे मतभेद दूर करने और रिश्तों को संतुलित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।





