नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । समाजवादी पार्टी के नेता अबू आजमी ने बिहार चुनाव प्रचार में राहुल गांधी के विवादित बयान का समर्थन किया है। हाल ही में कांग्रेस नेता ने कहा था कि वोट पाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी नाच तक सकते हैं। यह बयान राजनीतिक हलकों में सुर्खियों में छा गया है और चुनावी बहस को और गर्मा दिया है।
महाराष्ट्र सपा नेता अबू आजमी ने राहुल गांधी के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि भाजपा वोटों के लिए कुछ भी कर सकती है और वह वोट पाने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है। यह टिप्पणी चुनावी राजनीति में हलचल पैदा कर रही है।
हमेशा विवादित मुद्दे उठाती है BJP- अबू आजमी
अबू आजमी का कहना है कि भाजपा नफरत फैलाकर राजनीतिक लाभ हासिल करने की कोशिश करती है। वे “वंदे मातरम” और धार्मिक मतभेदों को लेकर मुद्दे उठाते हैं, ताकि मुस्लिम समुदाय को परेशान कर बहुसंख्यक वोटों को आकर्षित किया जा सके।
मुस्लिमों को परेशान करती है BJP- अबू आजमी
अबू आजमी ने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके नेता लगातार ऐसे मुद्दों की खोज में लगे रहते हैं, जिनसे मुस्लिमों को तकलीफ हो। इसके पहले भी अबू आहूजा विवादित बयान दे चुके हैं। अब उन्होंने राहुल गांधी के विवादित बयान का समर्थन कर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है
राहुल गांधी के वोट चोरी के दावे का समर्थन
बता दें कि, राहुल गांधी के बयान पर राजनीतिक विवाद तेज है। इससे पहले सपा नेता अबू आजमी ने राहुल गांधी के वोट चोरी के दावे का भी समर्थन किया था। उनका कहना था कि राहुल ने अपने दावे के पीछे सबूत भी पेश किए, बावजूद इसके चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
महाराष्ट्र में सपा नेता अबू आजमी लंबे समय से सक्रिय हैं और उनके वंदे मातरम को लेकर बयान हमेशा विवादित रहे हैं। हाल ही में उन्होंने वोट चोरी को लेकर कहा कि जिनका एक लाख से अधिक का वोट बैंक था, वे भी चुनाव हार गए। अब इस पर राजनीतिक बहस और सवाल उठ रहे हैं।
महाराष्ट्र में जोड़े गए 96 लाख फर्जी वोटर
अबू आजमी का कहना है कि विपक्ष के कई नेता अपने मजबूत क्षेत्रों में भी हार गए, जबकि भाजपा ने जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि चुनाव तभी निष्पक्ष हो सकते हैं, जब फर्जी मतदाताओं को हटाया जाए। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनाव से पहले 96 लाख फर्जी वोटर जोड़े गए।





