नई दिल्ली, 13 मार्च (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) सोमवार सुबह 10 बजे भाजपा मुख्यालय का घेराव करेगी। आप के मुताबिक, चुनाव आयोग को डरा-धमकाकर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव को टाला जा रहा है। पार्टी की मांग है कि एमसीडी चुनाव जल्द कराया जाए। दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी का कहना है कि जब 2013 में पहली बार आप सरकार बनी थी और 49 दिनों बाद गिर गई थी, उस समय भी एमसीडी पर काबिज भाजपा चुनाव नहीं करा रही थी, लेकिन आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सड़कों प्रदर्शन किया, पुलिस के डंडे खाए। दिल्ली वालों के घर-घर गए और पूरी दिल्ली को एकजुट किया, तब एमसीडी चुनाव कराया गया था। आप का कहना है कि 15 सालों में भाजपा ने एमसीडी को बर्बाद कर दिया है। अब एमसीडी में कुछ भी नहीं बचा है। एमसीडी कंगाल हो गया है। आज हाल यह है कि एमसीडी के पास कर्मचारियों को तनख्वाह देने के लिए पैसे नहीं हैं। पार्टी ने एक बयान जारी कर कहा कि दिल्ली की साफ-सफाई की जिम्मेदारी एमसीडी की थी, लेकिन पूरी दिल्ली गंदी हुई पड़ी है। इस महीने निगम के चुनाव होने थे, लेकिन राज्य चुनाव आयोग को डरा-धमका कर चुनाव टाल दिए गए। आप ने कहा कि दिल्ली में एमसीडी चुनाव कराने और भाजपा जो कर रही है, उसके खिलाफ सोमवार को सुबह 10 बजे आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ता और दिल्ली के लोग आम आदमी पार्टी मुख्यालय पर इकट्ठा होंगे। वहां से भाजपा मुख्यालय जाकर घेराव करेंगे। पार्टी के कार्यकर्ता एक बड़ी लड़ाई की रूपरेखा तैयार करेंगे। पार्टी की एक ही मांग है कि भाजपा चुनाव कराए। इसका फैसला दिल्ली वालों पर छोड़ा जाए। दिल्ली के लोग ही फैसला करेंगे कि चुनाव होंगे या नहीं। –आईएएनएस जीसीबी/एसजीके




