नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। पंजाब के लुधियाना जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हलवारा इलाके में नगर कीर्तन के दौरान आम आदमी पार्टी के नेता और गांव के सरपंच सुखविंदर सिंह पर करीब एक दर्जन लोगों ने बेरहमी से हमला कर दिया। हमलावरों ने न सिर्फ उनकी जमकर पिटाई की, बल्कि उनकी पगड़ी भी उतार दी। हमले में सरपंच को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक इलाज के बाद वह हाथ में पगड़ी लेकर सीधे पुलिस स्टेशन पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
7,800 रुपये और सरकारी मुहर भी छीनी
सरपंच सुखविंदर सिंह ने बताया कि हमलावर उनकी जेब से 7,800 रुपये नकद और उनकी सरकारी मुहर भी लूटकर ले गए। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
दुश्मनी के चलते हमला करने का आरोप
सरपंच का आरोप है कि यह हमला पुरानी दुश्मनी के चलते किया गया। उन्होंने बताया कि नगर कीर्तन के दौरान कुछ लोग सोशल मीडिया पर गाली-गलौज और झूठी अफवाहें फैला रहे थे, जिसका उन्होंने विरोध किया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने मुक्कों के साथ-साथ भारी लोहे की रॉड का भी इस्तेमाल किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
17 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने सरपंच की शिकायत के आधार पर राजवीर सिंह उर्फ सन्नी, राजविंदर सिंह उर्फ गगना (दोनों भाई), विशाल, जस्सा और हैप्पी समेत कुल 17 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इनमें पांच आरोपी नामजद हैं, जबकि 12 से ज्यादा आरोपी अज्ञात बताए गए हैं। सरपंच ने यह भी आरोप लगाया है कि इस हमले में कांग्रेस पार्टी के एक वरिष्ठ नेता से जुड़े लोगों का समर्थन था। थाना प्रभारी गुरदीप सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इलाके में तनाव, सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद हलवारा और आसपास के इलाकों में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जा रहा है।




