नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । बीते दिन लद्दाख के लेह में चार सूत्रीय प्रमुख मांगों को लेकर राज्य के युवा प्रदर्शन कर रहे थे। केंद्र सरकार के खिलाफ चल रहे शांतपूर्ण विरोध-प्रदर्शन में कल यानी बुधवार को हिंसा भड़क गई। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। इस दौरान, यह प्रदर्शन और भी हिंसक हो गया जिसमें चार युवक और कई लोग घायल हो गए।
लद्दाख हिंसा पर अरविंद केजरीवाल का बयान
लद्दाख में हुए हिंसक प्रदर्शन पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “आज लद्दाख में जो हो रहा है, वह बेहद चिंताजनक है। हर सच्चे देशभक्त को लद्दाख के लोगों का साथ देना चाहिए।”
क्या अंग्रेजों से इसलिए लड़ी थी लड़ाई- अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा, “हमने अंग्रेजों से इसलिए आज़ादी थोड़ी ली थी कि जनता अंग्रेजों की बजाय बीजेपी की गुलाम बन जाए? भगत सिंह, चंद्रशेखर आज़ाद जैसे क्रांतिकारियों ने लोकतंत्र के लिए अपना बलिदान दिया ताकि हर भारतीय को अपनी खुद की सरकार चुनने का अधिकार मिले।”
AAP नेता अरविंद केजरीवाल ने कहा, “लेकिन आज बीजेपी सत्ता के नशे में चूर होकर एक के बाद एक राज्यों को केंद्र शासित प्रदेश बना रही है और संविधान द्वारा दिए गए अधिकार छीन रही है।”
केंद्र से क्या मांग रहे लद्दाख के लोग?
केजरीवाल ने कहा, “लद्दाख के लोग क्या मांग रहे हैं? वे सिर्फ अपना वोट देने का अधिकार, अपनी सरकार चुनने का अधिकार चाहते हैं। लेकिन बीजेपी उनकी आवाज़ दबा रही है और बार-बार वादा करने के बावजूद उन्हें यह अधिकार नहीं दे रही।”
”आज लद्दाख की लड़ाई, कल पूरे देश की”
AAP प्रमुख ने आगे कहा, “लोकतंत्र जनता की आवाज़ है, और जब सरकार वही आवाज़ दबाने लगे तो जनता का कर्तव्य है कि वह और बुलंद आवाज़ में बोले। देश के लोकतंत्र को बचाना है तो इस तानाशाही के खिलाफ अब चुप नहीं बैठा जा सकता। आज लद्दाख की लड़ाई, कल पूरे देश की लड़ाई बन सकती है।”




