नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । पंजाब में लगातार भारी बारिश के चलते राज्य में बाढ़ जैसे हालात बने हुए है। राज्य के कई हिस्सों में भारी के चलते लोखों लोग प्रभावित हुए है। उनका जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इस बीच, राज्य के बाढ़ पीडि़तो के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरुवार (28 अगस्त) को एक बड़ा ऐलान किया है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि, उनकी पूरी कैबिनेट ने और आम आदमी पार्टी (AAP) के सभी विधायकों ने राज्य में बाढ़ राहत कार्यों के लिए एक महीने का वेतन दान करने का फैसला किया है। सीएम मान ने कहा कि, प्राकृतिक आपदा से पंजाब को काफी नुकसान हुआ है। और ऐसे में समय में पंजाबियों को एक-दूसरे का समर्थन करने के लिए एकजुट होना चाहिए।
सरकार हर संभव मदद देने के लिए प्रतिबद्ध
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ऐलान किया है कि वह खुद, उनके मंत्री और आप विधायक बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए एक महीने का वेतन देंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और प्रशासन इस आपदा की घड़ी में पूरी तरह से जनता के साथ खड़ा है और हर संभव मदद देने के लिए प्रतिबद्ध है।
बड़ी मात्रा में कृषि भूमि जलमग्न
बता दें कि, पंजाब के कई जिलों में भीषण बाढ़ से हालात गंभीर बने हुए हैं। सतलुज, व्यास और रावी नदियों के उफान पर आने से किनारे बसे गांवों और बड़ी मात्रा में कृषि भूमि जलमग्न हो गई है। इससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
राहत और बचाव अभियान में जुटीं रेस्क्यू टीमें
एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारी बारिश के चलते पंजाब के करीब 8 जिले भीषण बाढ़ की चपेट में हैं। अलग-अलग केंद्रीय एजेंसियां राज्य अधिकारियों के साथ मिलकर पिछले चार दिन से जलमग्न इलाकों से फंसे लोगों को निकालने की कोशिश में जुटी हैं। इंडियन आर्मी, एयरफोर्स, सीमा सुरक्षा बल और NDRF की टीमों ने बचाव अभियान शुरु किया है।
पंजाब में बाढ़ से प्रभावित इलाकों में SDRF, पंजाब पुलिस और जिला प्रशासन मिलकर राहत व बचाव कार्य चला रहे हैं। अब तक बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, जिनमें बुजुर्ग, बच्चे और गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं। राहत शिविरों में विस्थापित परिवारों के लिए भोजन और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।




