नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। देश में कई ऐसे मामले सामने आ रहे है जिसमें युवा ऑनलाइन स्ट्टेबाजी का शिकार हो रहे हैं। आईपीएल का सीजन भी चल रहा है जिसमें कई लोग सट्टेबाजी करते हैं। मामला यहां तक पहुंच जाता है कि एक दूसरे से कर्ज लेकर भी लोग इसमें सट्टेबाजी कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला उस समय सामने आया जब नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक चैट का स्क्रीनशॉट शेयर किया। उस स्क्रीनशॉट के सामने आने के बाद एक बार फिर ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी ऐप्स को लेकर सवालिया निशान खड़े किए जा रहे हैं।
युवक ने सुनाई अपनी आपबीती
बिहार के एक युवक ने मनोज तिवारी को एक मैसेज लिखा जिसमें उसने बताया कि उसे सट्टेबाजी की बुरी आदत लगी हुई है। जिसकी वजह से मैंने बहुत पैसे गंवा दिए हैं। इतना ही नहीं मैंने इधर-उधर से कर्ज भी लिया और सारे पैसे हार गया। उसने एप का नाम फैंटसी बताया। उसने मनोज तिवारी से मदद करने की गुहार लगाई है। उसने कहा कि मेरे ऊपर इतना ज्यादा कर्ज बढ़ गया है कि मुझे खुदकुशी जैसे ख्याल भी आते हैं लेकिन सोचता हूं कि अगर मैने ऐसा कोई कदम उठा लिया तो कर्जदार मेरे घरवालों को परेशान करेंगे।
मनोज तिवारी ने पॉडकास्ट में अपना नंबर किया था सार्वजनिक
मनोज तिवारी ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर उस युवक के मैसेज के स्क्रीनशॉट पोस्ट किए। उन्होंने बताया कि एक पॉडकास्ट के दौरान उन्होंने अपना नंबर सार्वजनिक कर दिया था। उम्मीद थी कि ये आमजन के लिए काफी मददगार साबित होगा लेकिन इसके माध्यम से कई चिंताजनक खबरें मिल रही हैं। आज के समय में ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी का भारी संकट है। मैं इस युवा को बातचीत के जरिए संभालने की कोशिश कर रहा हूं लेकिन इसका कोई रास्ता निकलना चाहिए।




