भोपाल, 21 अप्रैल(हि.स.) । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कोरोना संकट के इस दौर में लगातार ऑक्सीजन की जरूरत पड़ रही है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा और भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया द्वारा भोपाल में ऑक्सीजन बैंक की शुरुआत की गयी। यह 40 मशीन पार्टी के प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी की संस्था सरोकार द्वारा उपलब्ध कराई गई हैं। गंभीर मरीजों की सहायतार्थ यह संस्था राजधानी भोपाल में एक ऑक्सीजन बैंक भी संचालित करेगी। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कोरोना महामारी के संकट में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के साथ भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता भी कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहे हैं और विभिन्न तरह की सहायता उपलब्ध करा रहे हैं। इसी क्रम में पार्टी के प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी ने सरोकार संस्था के माध्यम से 40 आक्सीजन जनरेटर मशीनें जरूरतमंदों की सहायता के लिए भोपाल कलेक्टर के माध्यम से सौंपी है। शर्मा ने इस दौरान सभी सामाजिक संस्थाओं से आग्रह किया कि संकट के इस दौर में वे लोगों की जो भी सहायता कर सकते हैं, अवश्य करें। ऑक्सीजन बैंक घर पहुंचकर उपलब्ध कराएगा सुविधा प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी ने बताया कि संस्था द्वारा गत वर्ष भी कोरोना संकट के दौरान पीड़ितों की सहायता के प्रयास किए गए थे। इस वर्ष अधिकांश मरीजों को ऑक्सीजन की आवश्यकता महसूस हो रही है, इसलिए संस्था ने समाज के सहयोग से ऑक्सीजन बैंक की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि एक फोन पर सरोकार संस्था के वालंटियर घर पहुंचकर ऑक्सीजन उपलब्ध कराएंगे। इसके लिए संस्था ने एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। संस्था के वालंटियर पीपीई किट, मास्क, सैनिटाइजर समेत अन्य जरूरी चिकित्सकीय उपकरणों से लैस रहेंगे और मरीज के परिजनों को ऑक्सीजन सिलेंडर के उपयोग की जानकारी देंगे। हिन्दुस्थान समाचार/डॉ. मयंक चतुर्वेदी




