नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। तमिलनाडु के कल्लाकुरिची जिले में कथित तौर पर अवैध जहरीली शराब पीने से 30 लोगों की मौत हो गई और 100 से ज्यादा लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसकी पुष्टि जिला कलेक्टर MS प्रशांत ने की। इसके अलावा जिले के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जाकर कलेक्टर ने इलाज करा रहे लोगों से मुलाकात की। इसके अलावा मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भी मौतों पर दुख जताया है और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।
शराब में मेथेनॉल होने की वजह से हुई मौतें
जानकारी के अनुसार पुलिस ने इस मामले में अवैध शराब विक्रेता के. कन्नुकुट्टी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से करीब 200 लीटर अवैध शराब जब्त की। जांच में पता चला है कि शराब में मेथेनॉल मौजूद था। बता दें कि मेथेनॉल ही वो कंपोनेंट है जिसकी वजह से लोगों की मौत होती है।
मुख्यम्ंत्री स्टालिन ने जताया दुख
इस संबंध में तमिलनाडु के सीएम स्टालिन ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि कल्लाकुरिची में मिलावटी शराब पीने वाले लोगों की मौत की खबर सुनकर मैं दुखी हूं। उन्होंने आगे लिखा कि इसमें शामिल लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा इसे रोकने में नाकाम रहे संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
इस दौरान स्टालिन ने कहा कि जनता अगर ऐसे अपराधों की जानकारी देती है तो इसपर तत्काल कार्रवाई की जाए। लोगों की मौत पर तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि ने भी शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ितों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
तमिलनाडु के राज्यपाल ने भी जताया दुख
राज्यपाल आरएन रवि ने एक्स पर लिखा कि तमिलनाडु में समय-समय पर जहरीली शराब के सेवन करने से मौत की खबरें आती रहती है। ये अवैध शराब के उत्पादन और उसके उपयोग को रोकने में नाकामी को दर्शाता है। ये चिंता की बात है।
कल्लकुरिची के कलेक्टर प्रशांत बताया कि 109 लोगों का इलाज चल रहा है। वहीं 30 लोगों की मौत हो चुकी है। इसकी जांच चल रही है । जल्द रिपोर्ट सौंपी जाएगी। इस मामले की जांच सीबीसीआईडी कर रही है। वहीं एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





