नारायणपुर , 18 जून (हि.स.)। । छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिला में गोतियाल पुलिस के द्वारा ” निया पुलिस निया नार ” कार्यक्रम के तहत नारायणपुर एसपी मोहित गर्ग, के प्रयास से नक्सल प्रभावित अतिसंवेदशील ग्राम मढ़ोनार में ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए पहली बार ” कम्युनिटी पुलिसिंग ” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आम जनता की समस्याओं से रू-बरू होने के लिए सदानंद कुमार, सेनानी, 16वीं वाहिनी छसबल मुख्यालय नारायणपुर, नारायणपुर एसपी मोहित गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज चन्द्राकर, उप सेनानी 45 वीं वाहिनी आईटीबीपी तोमर की उपस्थिति में गुरुवार को कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत ग्राम मढ़ोनार, तुरूषमेटा, हितुलवाड़, चमेली, गौरदण्ड एवं आसपास गांव के ग्रामीणजनों से मुखातिब होने ग्राम मढ़ोनार पहुंचे। ग्रामीणों द्वारा पुलिस के समक्ष मुख्य रूप से क्षेत्र में छोटेडोंगर से मढ़ोनार-बेचा तक सड़क, 12वीं कक्षा तक स्कूल, अस्पताल, हेण्डपम्प और मोबाईल टावर की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी । जिस पर उनकी मांगों को प्रशासन को अवगत कराने तथा उनकी मांगों को पूर्ण करने आश्वासन दिया गया। नक्सलप्र भावित क्षेत्र के ग्रामीण पहले शासन एवं पुलिस का विरोध करते थे, अब शासन एवं पुलिस के साथ मिलकर क्षेत्र का समग्र विकास करने को तत्पर है। समाज के कुछ लोग मुख्यधारा से भटक कर नक्सली संगठन में चले गये है उनको आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में जुड़ने और समर्पण नीति के अंतर्गत परिवार के साथ सामान्य जीवन यापन करने हेतु अपील किया गया। इस कार्यक्रम में अर्जुन कुर्रे पुलिस अनुविभागीय अधिकारी छोटेडोंगर, अभिनव उपाध्याय, उप पुलिस अधीक्षक नारायणपुर, सहायक कमाण्डेंट 45वीं वाहिनी आईटीबीपी, मनोज सिंह, थाना प्रभारी छोटेडोंगर एवं ग्राम पंचायत मढ़ोनार, चमेली, गौरदण्ड के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहें। हिन्दुस्थान समाचार/ राकेश पांडे




