रायदिघी (दक्षिण 24 परगना), 16 मई (हि. स.)। बिजली के पंप से तालाब की सिंचाई करने के बाद तालाब में मछली पकड़ते समय करंट लगने से दो भाइयों की मौत हो गयी। घटना रविवार दोपहर दक्षिण 24 परगना के रायदिघी थाना क्षेत्र के पश्चिम जटा इलाके की है। मृतकों की पहचान चित्तरंजन भुइयां (45) और मोनारंजन भुइयां (42) के रूप में हुई है। दोनों को रायदीघी ब्लॉक प्राथमिक अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने दोनों के मृत्यु की पुष्टि की। घटना से इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय व पुलिस सूत्रों के अनुसार रायदिघी के पश्चिम जटा क्षेत्र निवासी मनोरंजन भुइयां रविवार दोपहर मछली पकड़ने के लिए बिजली के पंप से तालाब की सिंचाई कर रहे थे। उसी समय बिजली की चपेट में आ गए। बाद में भाई चित्तरंजन भुइयां तालाब में आए तो उन्होंने देखा कि उनका भाई का शव तालाब में अचेत अवस्था में तैर रहा है। उसके बाद जब वह अपने भाई को बचाने गया तो उनकी बिजली की चपेट में आने से मौत हो गयी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हिन्दुस्थान समाचार/सुगंधी/गंगा




