कोलकाता, 17 जून (हि. स.)। संजीव गोयनका को एक बार फिर आईआईटी खड़गपुर के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष बनाये गए हैं। इस बार उनका कार्यकाल 27 जून से शुरू होगा। वह अगले साल 26 जून तक इस पद पर रहेंगे। सम्मान जनक पद पर उनकी नियुक्ति को राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने स्वीकृति प्रदान की है। इसके साथ ही गोयनका इस पद पर पांचवीं बार नियुक्त किए गए हैं। वह अगले एक साल तक इस तकनीकी शिक्षा संस्थान के साथ काम करेंगे। आरपी-संजीव गोयनका ग्रुप के चेयरमैन संजीव गोयनका ने कहा कि आईआईटी खड़गपुर जैसे प्रतिष्ठित संगठन की सेवा करने में सक्षम होना मेरे लिए गर्व और सम्मान की बात है। खड़गपुर आईआईटी के निदेशक वी.के. तिवारी ने कहा कि आईआईटी खड़गपुर अगले एक साल के लिए डॉ. गोयनका की सलाह और मार्गदर्शन पाकर बहुत खुश है। उनकी उपस्थिति से इस संगठन को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। हिन्दुस्थान समाचार/सुगंधी/गंगा




