कोलकाता, 24 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और उत्तर 24 परगना के कमरहटी से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार मदन मित्रा की तबीयत में सुधार हो रहा है। एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती मित्रा को शनिवार क्रिटिकल केयर यूनिट से निकालकर जनरल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। उनकी कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी जिसके बाद अस्पताल में भर्ती किया गया था। पांचवें चरण के मतदान वाले दिन ही शाम के समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी और तृणमूल दफ्तर में ही उनकी प्रारंभिक चिकित्सा की गई थी। बाद में जब सांस लेने में तकलीफ होने लगी तो उन्हें एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती किया गया। वहां उनकी कोविड-19 जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। आज उन्होंने खुद एक बयान जारी किया है जिसमें समर्थकों के नाम संदेश देते हुए कहा है कि वह ठीक हैं और उनकी हालत सुधर रही है। चिंता की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने की भी अपील की है। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश/मधुप




