नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। जिस साल्ट लेक स्टेडियम को ‘भारतीय फुटबॉल का मक्का’ कहा जाता है, शनिवार को वहीं खेल प्रबंधन का सबसे शर्मनाक अध्याय लिखा गया। वैश्विक फुटबॉल के महानायक लियोनेल मेसी को देखने आई हजारों की गुस्साई भीड़ के आगे आयोजक बेबस दिखे, और महज 10 मिनट से भी कम समय में स्टार खिलाड़ी को सुरक्षा कारणों से मैदान छोड़ना पड़ा। इस अप्रत्याशित कुप्रबंधन से स्तब्ध मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तुरंत ‘विरोध’ जताया, सार्वजनिक रूप से मेसी और फैंस से माफी मांगी, और मामले की उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
दिल टूटे फैंस का गुस्सा: 8000 के टिकट, मिला सिर्फ 10 मिनट का ‘धोखा’
प्रीमियम टिकटों पर मोटी रकम खर्च कर स्टेडियम पहुंचे हजारों फुटबॉल प्रेमियों को उस वक्त गहरा सदमा लगा, जब मेसी अपने कार्यक्रम को तय समय से काफी पहले ही छोड़कर चले गए। स्टेडियम के भीतर गुस्साए दर्शकों ने विरोध प्रदर्शन किया, बोतलें फेंकीं, और आयोजकों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कई होर्डिंग्स और कुर्सियों को नुकसान पहुंचाया।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए लिखा, “आज साल्ट लेक स्टेडियम में जो कुप्रबंधन देखने को मिला, उससे मैं बेहद व्यथित और स्तब्ध हूं। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए मैं लियोनेल मेसी, सभी खेल प्रेमियों और उनके प्रशंसकों से दिल से माफी मांगती हूं।”
रिटायर्ड जज की अगुवाई में जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल हाई-लेवल जांच कमेटी के गठन की घोषणा की। इसकी अगुवाई कलकत्ता हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज जस्टिस आशिम कुमार रे करेंगे। कमेटी को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वह विस्तृत जांच करे, इस fiasco के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करे, और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम सुझाए।
‘मेजर स्कैम’ का आरोप: भाजपा ने मांगा मंत्री का इस्तीफा
इस घटना ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में भूचाल ला दिया है। भाजपा ने इसे ममता सरकार के कुप्रबंधन का नतीजा बताते हुए तीखा हमला बोला है।भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई ने आरोप लगाया कि तृणमूल राज में बंगाल की ऐतिहासिक फुटबॉल संस्कृति को बर्बाद कर दिया गया है।
बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने इसे “बड़ा अपमान” और “मेजर स्कैम” करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि 70 फुट की प्रतिमा का अनावरण राजनीतिक कारणों से किया गया और दर्शकों को गुमराह किया गया। उन्होंने राज्य के खेल मंत्री अरूप बिस्वास से तत्काल इस्तीफे की मांग की है।
दौरा अधूरा: मेसी अब हैदराबाद रवाना
यह घटना मेसी के गोट इंडिया टूर 2025का पहला पड़ाव थी। सुरक्षा चिंताओं के कारण, मेसी ने अपना दौरा समय से पहले ही समाप्त कर दिया। मुख्यमंत्री और पूर्व कप्तान सौरव गांगुली से मुलाकात जैसे उनके कई कार्यक्रम अधूरे रह गए। अब मेसी निर्धारित कार्यक्रम के तहत अपने अगले पड़ाव हैदराबाद के लिए रवाना हो गए हैं।





