कोलकाता, 21 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में तापमान के बढ़ने का सिलसिला लगातार जारी है। इस सप्ताह राज्य में कहीं भी बारिश नहीं होने के बीच शुक्रवार को राजधानी कोलकाता में न्यूनतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। इसके अलावा अधिकतम तापमान भी 36.2 डिग्री सेल्सियस है, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि पिछले 24 घंटे से कोलकाता समेत आसपास के जिलों के आसमान में बादल छाए हुए हैं, जिसकी वजह से हवाएं गर्म होकर ऊपर नहीं उठ पा रही हैं। इसके कारण तापमान में बढ़ोतरी हो रहा है और लोगों को उमस भरी गर्मी का एहसास हो रहा है। यहां आद्रता अधिकतम 90 फ़ीसदी और न्यूनतम 52 फ़ीसदी है, जिसके कारण पसीने वाली गर्मी लोगों को तंग कर रही है। हालांकि मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि रविवार तक बारिश हो सकती है। उसके बाद गर्मी से थोड़ी राहत होगी। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश / प्रभात ओझा




