नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। चक्रवाती तूफान रेमल बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल के बीच तट से टकरा चुका है। इस दौरान तूफान के कारण 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। चक्रवाती तूफान रेमल के कारण भारी बारिश देखी गई। जिसका नतीजा यह हुआ कि घरों और खेतों में पानी भर गया। इससे लोगों की परेशानी और बढ़ गईं। तूफान रेमल ने कच्चे और कमजोर घरों को काफी नुकसान पहुंचाया है। इस तूफान के कारण चलीं तेज हवाओं की वजह से पेड़ जमीन से उखड़ गए और बिजली के खंभे भी जमीन पर आ गिरे।
तूफान ने एक शख्स को किया घायल
बता दें कि माली नुकसान के अलावा, सुंदरवन के गोसाबा इलाके में मलबे की चपेट में आने से एक शख्स घायल भी हो गया है। तूफान रेमल के कारण भारी तबाही की आशंका जताई जा रही है। बता दें कि रविवार रात 8:30 बजे पड़ोसी देश में मोंगला के दक्षिण-पश्चिम के पास सागर द्वीप और खेपुपारा के बीच पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के निकटवर्ती तटों पर लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू हुई थी। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, तूफान रेमल कुछ और समय तक पहले लगभग उत्तर की ओर फिर उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ेगा और उम्मीद है कि आज सुबह तक धीरे-धीरे तूफान शांत पड़ जाएगा।
वीडियो हुए वायरल
चक्रवाती तूफान रेमल के सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। जिनमें तूफान के गुस्सैल रूप को स्पष्ट तौर पर देखा जा सकता है। हालांकि हम इस बात की पुष्टी नहीं कर रहे कि वो वीडियो चक्रवाती तूफान रेमल के ही हैं। तूफान रेमल के आने से पहले पूर्वोत्तर के कई राज्यों में आपदा प्रबंधन अधिकारियों और सुरक्षा बलों को पहले ही हाई अलर्ट पर रखा गया है। साथ ही जिला प्रशासनों को एहतियाती कदम उठाने के लिए कहा गया है। भारत मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार चक्रवात रेमल रविवार आधी रात तक तट को पार कर लेगा। ऐसी संभावना जताई गई है।
चौकस रहे आपदा बल!
चक्रवात केंद्र के आसपास चलने वाली हवाएं करीब 110-120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं। साथ ही उम्मीद जताई गई है कि रफ्तार 135 किमी प्रति घंटे तक बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने एक बयान में रविवार देर रात कहा गया कि चक्रवात कोलकाता डॉपलर मौसम रडार की लगातार निगरानी में है। असम, मेघालय, त्रिपुरा, मणिपुर और मिजोरम की सरकारों ने अपनी तरफ से अलग-अलग सलाह जारी की है। साथ ही राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों को ज्यादा से ज्यादा सतर्क रहने और किसी भी स्थिति से फौरी तौर पर निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है।
खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





