कोलकाता, 21 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में 22 अप्रैल को होने वाले छठे चरण के मतदान से पहले उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर में स्थित भाजपा सांसद अर्जुन सिंह के घर के पास बमबारी की गई है। जगदल में सिंह का आवास है जहां मंगलवार रात अज्ञात हमलावरों ने जमकर बमबारी की। यहां गुरुवार को चुनाव होने हैं। उसके पहले इस घटना की वजह से पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया था। आरोप है कि सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने तलाशी के नाम पर अर्जुन सिंह के घर के महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार किया जिसे लेकर सिंह पुलिसकर्मियों से भिड़ गए थे। उन्होंने आरोप लगाया है कि सत्तारूढ़ पार्टी के लोगों ने चुनाव से पहले दहशत का माहौल बनाने के लिए बमबारी की है ताकि लोग डर से वोटिंग ना करें। उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलिस की मिलीभगत में सबकुछ किया गया है और इसके खिलाफ चुनाव आयोग के पास शिकायत दर्ज कराएंगे। इधर उनके आवास के पास बमबारी के कुछ देर के बाद ही कचरापाड़ा में बमबारी हुई। यहां भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल रॉय का आवास है। हालांकि उनके घर से दूर बमबारी हुई है। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक रात 12 बजे के करीब कचरापाड़ा नगरपालिका के 10 नंबर वार्ड स्थित मनसापाड़ा इलाके में अपराधिक तत्वों ने बमबारी की थी। इसका भी आरोप सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस पर ही लगा है। सूचना मिलने के बाद सेंट्रल फोर्स की टीम मौके पर पहुंच गई थी जिसकी वजह से तनावपूर्ण हालात को सामान्य किया जा सका। बुधवार को इन दोनों इलाके में तनाव का माहौल है और सावधानी बरतते हुए अतिरिक्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। हिन्दुस्थान समाचार/ओम प्रकाश/गंगा




