कोलकाता, 14 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा की घटनाएं अभी भी थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार को बांकुड़ा के भाजपा सांसद सुभाष सरकार की गाड़ी पर ईंट पत्थरों पर हमला किया गया है। भाजपा ने इस हमले के लिए तृणमूल कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया है। सांसद ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। घटना के संबंध में भाजपा सांसद सरकार ने बताया है कि वह जब पातालखुड़ी की ओर जा रहे थे तभी पीछे से बाइक और स्कूटर पर सवार कई लोगों ने उनकी गाड़ी को लक्ष्य बनाकर ईंट-पत्थर फेंके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल के लोगों ने हमला किया है। घटना के समय सांसद सरकार गाड़ी में ही मौजूद थे। इस संबंध में तृणमूल के जिलाध्यक्ष श्यामल सांतरा ने दावा किया है कि भाजपा की आपसी गुटबाजी की वजह से यह हमला हुआ है। सांसद ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज देखकर हमलावरों की शिनाख्त करने की कोशिश की जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश





