हरिद्वार, 05 जून (हि.स.)। सत्यम फोटो कंपनी के निष्कासित मजदूरों ने अपने परिवार सहित हरिद्वार महापौर अनीता शर्मा से मुलाकात कर अपनी बहाली की मांग को लेकर एक ज्ञापन दिया। पीड़ित श्रमिकों का कहना है कि वे पिछले 4 सालों से संघर्ष कर रहे हैं, परंतु कहीं भी सुनवाई नहीं हो रही है। इन लोगों का कहना है कि हमने कंपनी के मुख्य द्वार पर धरना दिया था। जिलाधिकारी हरिद्वार के मौखिक आश्वासन पर धरना समाप्त कर दिया था, परंतु 2 माह बीत चुके हैं अभी तक हमारी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। आय का साधन न होने के कारण हम अपने बच्चों के स्कूल की फीस जमा नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहाकि अगर कंपनी सभी श्रमिकों को कार्य पर वापस नहीं लेती है तो सभी श्रमिक अपने परिवार सहित कंपनी के मुख्य द्वार पर धरना देंगे एवं आमरण अनशन अपने परिवार सहित करेंगे। ज्ञापन देने वालों में प्रीति देवी, सोनी सिंह, सपना देवी, कविता देवी, मंजू देवी, सुनीता, चंद्रेश कुमार, महिपाल सिंह, संतोष कुमार, विकास कुमार, दिनेश राणा, मेजर सिंह, अनुज कुमार आदि उपस्थित रहे। हिन्दुस्थान समाचार/रजनीकांत




