हरिद्वार, 28 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से रुड़की आ रहे दो लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों व्यक्ति रुड़की में दोस्तों के साथ होली मनाने के लिए आ रहे थे। वह मंडावली गांव के पास पहुंचे तो उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई और अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में जा घुसी। दुर्घटना में कार सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची मंगलौर पुलिस ने दोनों शवों को कार से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेज दिया। मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई है। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी अशोक कुमार और शामली निवासी मनीष कुमार सीएल में जेई के पद पर तैनात थे। देर शाम दोनों अपनी निजी कार से रुड़की दोस्तों के साथ होली सेलिब्रेट करने के लिए आ रहे थे। जैसे ही उनकी कार मंगलौर के समीप मंडावली गांव के पास पहुंची तो अचानक कार डिवाइडर से टकरा गई और अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में जा घुसी। जिसके चलते कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही दोनों के परिवार में कोहराम मच गया। मृतकों के परिजन भी रुड़की पहुंच चुके हैं। इस बाबत एसपी देहात प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने बताया कि सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हुई है जिनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। हिन्दुस्थान समाचार/रजनीकांत




