ऋषिकेश, 10 अप्रैल ( हि.स.)। महाकुंभ के दौरान जाम से निपटने के लिए पुलिस ने ट्रैफिक प्लान बनाया है। साथ ही सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। इसके अलावा हरिद्वार- ऋषिकेश के बीच ट्रेनों के संचालन के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना से निपटने के लिए रेलवे फाटकों पर चौकसी बढ़ाने का फैसला हुआ है। रायवाला से लक्ष्मण झूला तक ट्रैफिक प्लान बनाया गया है । इस संबंध में शनिवार को ऋषिकेश कोतवाली में पौड़ी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी रेणुका देवी ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण स्वतंत्र कुमार सिंह, ऋषिकेश पुलिस क्षेत्राधिकारी डीसी ढोंडियाल, ऋषिकेश कोतवाली प्रभारी रितेश शाह, कुंभ मेला कोतवाली प्रभारी मुकेश चौहान आदि से इस संबंध में चर्चा की। इस दौरान मोतीचूर श्यामपुर ऋषिकेश हरिद्वार बाइपास मार्ग पर स्थित गुमानीवाला और श्यामपुर रेलवे फाटक पर विशेष चौकसी करने का निर्णय किया गया। वाहनों के लिए कुंभ क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था पर भी विचार-विमर्श किया गया। हिन्दुस्थान समाचार /विक्रम/मुकुंद




