नई टिहरी, 07 जून (हि.स.)। सरसों के तेल में मिलावट की आशंका को देखते हुये खाद्य सुरक्षा विभाग ने टिहरी जनपद के विभिन्न कस्बों में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान सरसों के तेल के 11 नमूने लेकर जांच के लिए रुद्रपुर लैब भेजे गये। इस दौरान सब्जी की दुकानों पर रेट लिस्ट चस्पा करवाने के साथ ही सड़ी-गली सब्जियों को भी नष्ट कराया गया। यह जानकारी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के जिला अभिहित अधिकारी एमएन जोशी ने दी। उन्होंने बताया कि आयुक्त के निर्देश पर टिहरी गढ़वाल जनपद के मुनिकीरेती, ढालवाला, चंबा, बौराड़ी व नई टिहरी के बाजार में लगातार एक सप्ताह से सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। पांच दुकानों को खाद्य सुरक्षा अधिनियम के मानकों का पालन न करने पर नोटिस भी दिये गये हैं। चंबा में सब्जी की दुकानों से दो क्रेट सड़ी-गली सब्जी नष्ट कराई गई। हिन्दुस्थान समाचार/प्रदीप डबराल




