हरिद्वार,19 मार्च (हि.स.)। आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत आज अजीतपुर के पंचायत घर के प्रांगण में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार स्वामी यतीश्वरानंद और आउटरिच ब्यूरो के अपर निदेशक एनके कौशल ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस मौेेके पर लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिए जन समुदाय को जागरूक किया। इस माैके पर मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने बताया कि आजादी का अमृत महोत्सव आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाया जा रहा है। यह स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का महोत्सव है। अपर निदेशक एनके कौशल ने कहा कि यह भारत को आत्मनिर्भर बनाने का आंदोलन है, जो पिछहत्तर सप्ताह तक जारी रहेगा। जिसमें स्वतंत्रता के पश्चात भारत को आत्मनिर्भर बनाने की योजनाओं की समीक्षा और भविष्य की योजनाओं का प्रचार प्रसार किया जाएगा। इस अवसर पर नेहरू युवा मंडल अजीतपुर के अध्यक्ष दिनेश कश्यप, बीस सूत्री कार्यक्रम के उपाध्यक्ष डाॅ. बिजेन्द्र सिंह, ग्राम प्रधान मायाराम, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्या अनीता वर्मा सहित आंगनवाडी कार्यकत्री के अलावा ग्रामीण भी उपस्थित रहे। समारोह का संचालन समाजसेवी संजय वर्मा ने किया। श्रीमंत खिलेराम लोक संस्कृति मंच के कलाकार सतपाल सिंह के नेतृत्व में लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। हिन्दुस्थान समाचार/रजनीकांत




