रुद्रपुर, 05 अप्रैल (हि. स.)। अपनी मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी कार्य बहिष्कार के तहत देवभूमि उत्तराखण्ड सफाई कर्मचारी संघ के रूद्रपुर शाखा के कर्मियों ने भी सांकेतिक कार्य बहिष्कार किया। जिससे दोपहर बाद की सफाई व्यवस्था ठप रही। सोमवार को सफाई कर्मियों ने नगर निगम गेट पर अपनी मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार करते हुए प्रदर्शन किया। इस मौके पर यूनियन के रुद्रपुर शाखा अध्यक्ष सुनील रौतकी ने बताया कि कर्मियों की मांगों में मुख्य रूप से ठेका प्रथा समाप्त करना और मृतक आश्रितों की नौकरी दिया जाना है। इसके अलावा सफाई कर्मचारियों को आवंटित आवासों पर मालिकाना हक, स्वास्थ्य बीमा, पदोन्नति, पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने की मांगें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को भी सांकेतिक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। हिन्दुस्थान समाचार/विजय आहूजा




