-टिहरी के ट्रचिंग ग्राउंड के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के दिये आदेश नई टिहरी, 05 जून (हि.स.)। शहरी विकास व खाद्य मंत्री बंशीधर भगत ने शहरी विकास विभाग की समीक्षा बैठक लेते हुये सभी नगर पालिकाओं व पंचायतों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व कूड़ा निस्तारण के निर्देश देते हुये कहा कि डेंगू व जल जनित रोगों से निपटने के लिए स्थानीय निकाय पुख्ता तैयारी रखें। बैठक में टिहरी के ट्रचिंग ग्राउंड क लिए सीडीओ को मंत्री ने टेंडर प्रक्रिया शुरू करवाने के निर्देश दिये। किसी भी स्थानीय निकाय में अवर अभियंता न होने से आ रही परेशानियों को देखते हुये मंत्री ने मामले में ठोस कदम उठाने की बात कही। पीएम आवास योजना में देव प्रयाग में फंड स्थानांतरण की समस्या को लेकर डीएम इवा श्रीवास्तव को कार्रवाई के निर्देश दिये। भवन व कमर्शियल निर्माणों के नक्शे पास के लिए वर्ष 2016 की स्थिति यथावत रहने की बात कहते हुये मंत्री ने कहा कि आम लोगों की समस्या को देखते हुये जिला विकास प्राधिकरण के प्राधिकारी सप्ताह में दो दिन जिला मुख्यालय में भी बैठेंगे। निकायों के कार्मिकों के शत-प्रतिशत टीकाकरण पर मंत्री संतोष जाहिर किया। बैठक में टिहरी विधायक टिहरी डा. धन सिंह नेगी, घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह, डीएम इवा श्रीवास्तव, सीडीओ अभिषेक रुहेला, डीडीओ आनन्द भाकुनी, प्रमुख जाखणीधार सुनीता देवी, जिलाध्यक्ष भाजपा विनोद रतूड़ी, बेबी असवाल आदि मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार/प्रदीप डबराल




