हरिद्वार, 09 अप्रैल (हि. स.)। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के जन्मदिवस पर वैष्णव अनी अखाड़े के संतों ने उन्हें बधाई दी। शुक्रवार को अखिल भारतीय श्रीपंच निर्मोही अनी अखाड़े के अध्यक्ष महंत राजेंद्रदास महाराज ने मुख्यमंत्री रावत को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद तीरथ सिंह रावत ने जिस प्रकार पटरी से उतर चुकी कुंभ की व्यवस्थाओं को संभाला और वैष्णव संतों को जमीन आवंटन व सुविधाएं उपलब्ध करायी, इसके लिए वे साधुवाद के पात्र हैं। अखिल भारतीय श्रीपंच निर्वाणी अनी अखाड़े के अध्यक्ष महंत धर्मदास महाराज एवं अखिल भारतीय श्रीपंच दिगंबर अनी अखाड़े के अध्यक्ष महंत कृष्णदास नगरिया महाराज ने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के जन्मदिन पर उनकी दीर्घायु की कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से ही बैरागी संतों को सुविधाएं मिल सकी हैं। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले से जुड़ी व्यवस्थाएं अभी तक नहीं हो पायी है। उसके लिए मुख्यमंत्री को अधिकारियों को निर्देशित करना चाहिए, जिससे उनका नाम भारत के इतिहास में दर्ज हो सके। हिन्दुस्थान समाचार/रजनीकांत




