देहरादून, 16 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि पंचायतों को बदलते जमाने के अनुरूप बनाने के लिए उन्हें सूचना व संचार तकनीक से जोड़ा जाएगा। इसी मुहिम के तहत आज राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत निदेशालय पंचायतीराज के भवन को स्मार्ट और इको फ्रेंडली ई-आफिस के रूप में नवीनीकृत किया गया है। शुक्रवार को सहस्त्रधारा रोड स्थित पंचायतीराज निदेशालय में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अन्तर्गत स्मार्ट और इको फ्रेंडली ई-आफिस के रूप में नवीनीकृत निदेशालय पंचायतीराज के भवन और राज्य पंचायत संसाधन केंद्र के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री तीरथ ने वचुअर्ल रूप से 662 कॉमन सर्विस सेन्टर, त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायत के दायित्वों एवं कर्तव्यों के क्रियान्वयन में होने वाली समस्याओं के निदान के लिए डैस्क प्रणाली तैयार की गई है। इसके लिए टोल फ्री न.18004190444 जारी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत गांवों में बसता है। देश तभी समृद्ध होगा जब हमारे गांव समृद्ध होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधी जी के ग्राम स्वराज की दिशा में उल्लेखनीय काम किए हैं और निरन्तर करते जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों, आशा कार्यकत्रियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को फिर से उसी जज्बे के साथ कोरोना बचाव के लिए काम करना है।इस मौके पर विधायक रायपुर उमेश शर्मा काऊ सचिव पंचायती राज एचसी सेमवाल सहित पंचायती राज के अधिकारी,कर्मचारी उपस्थित रहे। हिन्दुस्थान समाचार/राजेश




