गोपेश्वर, 11 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री के रूप में तीरथ सिंह रावत की ताजपोशी के बाद जहां भाजपा में चल रही उठापटक शांत हो गई है वहीं बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें बदरीनाथ विधानसभा से चुनाव लड़ने का न्यौता दे दिया है। उनके साथ ही चमोली जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष व वरिष्ठ भाजपा नेता आनंद सिंह रावत ने भी सीएम को बदरीनाथ विधानसभा से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया है। मुख्यमंत्री की ताजपोशी के बाद अब तीरथ सिंह रावत को विधायक पद के लिये चुनाव लड़ना होगा। जहां सत्ता के गलियारों में उनके चैबट्टाखाल से चुनाव लड़ने की संभावना जाताई जा रही है वहीं दूसरी ओर बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने गुरुवार को मुख्यमंत्री से मुलाकात कर बदरीनाथ विधानसभा से चुनाव मैदान में उतरने का न्यौता दे दिया है। उनका कहना है कि चमोली के विकास के लिये उन्होंने यह प्रस्ताव मुख्यमंत्री के सम्मुख रखा है। वहीं दूसरी ओर वरिष्ठ भाजपा नेता आनंद सिंह रावत ने शीर्ष नेतृत्व से नव निर्वाचित मुख्यमंत्री को बदरीनाथ से चुनाव मैदान में उतारने की बात कही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1997 में तीरथ सिंह रावत क्षेत्र से विधान परिषद का चुनाव लड़ चुके हैं। ऐसे में यह स्थान उनके लिये नया और अंजान भी नहीं है। चमोली के भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट ने कहा कि चुनाव के लिये स्थान का चयन पार्टी नेतृत्व की ओर से किया जाएगा। यदि पार्टी की ओर से यह मौका बदरीनाथ विधान सभा को दिया जाता है, तो निर्देशों के अनुसार कार्य किया जाएगा। हिन्दुस्थान समाचार/जगदीश




