हरिद्वार, 15 जून (हि.स.)। राजकीय उचित दर विक्रेता एसोसिएशन बहादराबाद हरिद्वार के अध्यक्ष दिनेश कुमार कश्यप के नेतृत्व में मंगलवार को डीलरों ने जिला पूर्ति कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान कश्यप ने कहा कि ने कहा कि उत्तराखंड सरकार द्वारा कुछ दिन पहले यह घोषणा की गई थी कि पूरे उत्तराखंड में सभी योजनाओं के कार्डों पर 2 किलो चीनी मई से शुरू हो जाएगी। जो अभी तक राशन डीलरों को उपलब्ध नहीं कराई गई है। राजकीय उचित दर विक्रेताओं की जनता में जवाबदेही है। डीलर और जनता आए दिन लड़ते झगड़ते हैं कि हमें चीनी दो। सरकार को इस समस्या का हल जल्दी जल्दी करना चाहिए। उन्होंने कहा है कि जो अतिरिक्त 20 किलो राशन पीले कार्ड पर माह मई से दिया जा रहा है, वह 10 किलो चावल और 10 किलो गेहूं है। उन्होंने बताया कि इसमें डीलरों के लिए घोषणा की गई थी कि 145 रुपये प्रति क्विंटल भाड़ा व कमीशन दिया जाएगा। वह भी अभी तक लागू नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मुफ्त राशन वितरण योजना को लेकर आम जनता और राशन डीलरों को गुमराह कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को डीलरों को 145 प्रति क्विंटल भाड़े के साथ लाभांश व कमीशन पर भी अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। हिन्दुस्थान समाचार/रजनीकांत




