गोपेश्वर, 27 मार्च (हि.स.)। केंद्र की स्पेशल असेसमेंट स्कीम के तहत 40 लाख रुपये की लागत से कर्णप्रयाग नगर क्षेत्र की 2.3 किलोमीटर आन्तरिक सड़क का डामरीकरण का काम लोकनिर्माण विभाग कर्णप्रयाग शुरू करने वाला है। कर्णप्रयाग अपर बाजार के लोगों ने उप जिलाधिकारी कर्णप्रयाग से मुलाकात कर कहा है कि सड़क में कई स्थानों पर जल संस्थान की पेयजल लाइन में लीकेज है। पहले लीकेज को सही कराया जाए। इसके बाद डामरीकरण हो। स्थानीय लोगो की शिकायत पर उप जिलाधिकारी कर्णप्रयाग वैभव गुप्ता ने शनिवार को लोकनिर्माण विभाग व जल संस्थान के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जल संस्थान को पेयजल लाइन ठीक करने के लिए कई बार पत्र भेजा चुका है। संस्थान कोई संज्ञान नहीं ले रहा। लिहाजा जिन स्थानों पर लाइन में लीकेज है उस हिस्से को छोड़कर बाकी का डामरीकरण कर दिया जाएगा। गुप्ता ने जल संस्थान को लीकेज ठीक करने के निर्देश दिए हैं। हिन्दुस्थान समाचार/जगदीश/मुकुंद




