देहरादून, 01 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय धोबीघाट, दुगड्डा में आयोजित रात्रि चौपाल में वर्चुअल तरीके से प्रतिभाग किया। इस दौरान कुल 21 समस्याओं में से 17 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दुरस्थ क्षेत्र में चौपाल लगाकर समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री तीरथ ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनता की समस्याओं को दिन रात एक करके समाधान किया जाए। चौपाल में आए समस्याओं को अधिकारी गंभीरता से ले। जनता को किसी भी कार्य के लिए सरकारी दफ्तरों का अनावश्यक चक्कर काटने की जरुरन न पड़े। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारी,मुख्य विकास अधिकारी और अन्य अधिकारी दुरस्थ क्षेत्र में रात्रि विश्राम कर चौपाल के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान करें। कोई भी समस्या समाधान हेतु 01 माह से उपर का समय नही लगना चाहिए। रात्रि चौपाल में ब्लॉक प्रमुख रूची कैन्तुरा की दुग्गड्डा में आ रही मोबाईल कनेक्टीविटी प्राब्लम की शिकायत का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने एक सप्ताह के अन्दर सर्वे कराकर उक्त समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा मुख्यमंत्री को सब्जी उत्पादन एवं विक्रय में आ रही समस्याओं को बताया। जिस पर मुख्यमंत्री की ओर से उद्यान विभाग के अधिकारियों को शिविर लगाने को कहा गया।मुख्यमंत्री ने दुगड्डा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं सहित महिला चिकित्सक की कमी की शिकायत का संज्ञान लेते हुए तत्काल इस पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। हिन्दुस्थान समाचार/राजेश




