ऋषिकेश, 14 जून (हि.स.) । भारतीय जनता पार्टी के सेवा ही संगठन कार्यक्रम के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय रक्तदान दिवस पर सोमवार को इंदिरा नगर में ऋषिकेश के पूर्व ग्राम प्रधान स्वर्गीय प्रेम सिंह बिष्ट की स्मृति में एम्स व हिमालयन इंस्टीट्यूट के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने किया। इस मौके पर जिला प्रभारी अनिल गोयल और महापौर अनीता ममगांंई ने भी दीप प्रज्ज्वलित किया। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि रक्त मनुष्य की नाड़ियों में जाकर उसके जीवन को बचाने में सहायक होता है। इसीलिए कहा गया है कि रक्त नालियों में नहीं, मनुष्य की नाड़ियों में बहना चाहिए। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने 14 मई रक्तदान शिविर शृंखला का शुभारंभ में डोईवाला से किया था । इस दौरान प्रेम सिंह बिष्ट की स्मृति में पौधरोपण करने के साथ 12 लोगों को सम्मानित भी किया गया। गोविंद नगर स्थित ट्रेचिंग ग्राउंड का निरीक्षण करने के बाद नेता प्रतिपक्ष इंदिरा ह्रदयेश के निधन पर दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर पार्षद राजेंद्र बिष्ट, सुरेंद्र मोगा, भाजपा पूर्व जिला अध्यक्ष ज्योति सजवान, चित्रमणि देशवाल , पंकज शर्मा, प्रदीप धस्माना, विजय मोगा विजेंद्र बडोनी, संजीव चौहान आदि मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार /विक्रम




