ऋषिकेश, 18 मार्च (हि.स.)। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने बैराज रोड स्थित कैंप कार्यालय पर गन एंड गन शूटिंग अकादमी के निशानेबाज खिलाड़ियों का फ्री नेशनल के लिए चयनित होने पर सम्मानित किया है। अग्रवाल ने कहा कि निशानेबाजी के क्षेत्र में ऋषिकेश की गन एंड गन शूटिंग अकादमी ने न केवल उत्तराखंड बल्कि देशभर के खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विगत दिनों देहरादून में संपन्न हुई स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में गन एंड गन शूटिंग अकादमी के अनेक खिलाड़ियों ने 10 मीटर राइफल एंड पिस्टल शूटिंग में शानदार प्रदर्शन किया और जयपुर, राजस्थान में होने वाली फ्री नेशनल प्रतियोगिता के लिए इन खिलाड़ियों का चयन हुआ है। उन्होंने कहा कि शूटिंग के खिलाड़ियों के अंदर अनेक प्रतिभा है। उस प्रतिभा को निखारने के लिए नियमित प्रशिक्षण की आवश्यकता है। विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखंड ने निशानेबाजी के क्षेत्र में अनेक कीर्तिमान स्थापित किए हैं। यहां के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निशानेबाजी में अपना स्थान प्राप्त किया है। अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश में संचालित हो रही गन एंड गन शूटिंग अकादमी में भी अनेक होनहार खिलाड़ी तैयार किए जा रहे हैं जो राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। हिन्दुस्थान समाचार /विक्रम




