नैनीताल, 19 जून (हि.स.)। सरोवरनगरी की आराध्य देवी माता नयना देवी के नगर स्थित मंदिर का हर वर्ष ज्येष्ठ शुक्ल नवमी को मनाया जाने वाला स्थापना दिवस और वार्षिक समारोह शनिवार को धार्मिक हर्षोल्लास से मनाया गया। कोविड की परिस्थितियों के कारण पिछले वर्ष की तरह यह समारोह इस बार भी प्रतीकात्मक रूप से अत्यन्त सादगी से मनाया गया। साथ ही सरकार व प्रशासन के दिशा निर्देशों के अनुरूप भंडारा तथा भजन संध्या जैसे कार्यक्रम इस बार भी आयोजित नहीं हुए। मंदिर के गर्भगृह में पंडित बसंत बल्लभ पांडे, भुवन कांडपाल, जीवन पांडे और गणेश जोशी आदि ने वार्षिक धार्मिक अनुष्ठान कराए। मंदिर के प्रबंधक अमर उदय ट्रस्ट के उपसचिव एवं मंदिर के संस्थापक मोती राम शाह के वंशज प्रदीप साह सपत्नीक बतौर यजमान वार्षिक कुल पूजा में शामिल हुए। भारी बारिश की वजह से भी अधिक श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल नहीं हो पाए। हिन्दुस्थान समाचार/डॉ.नवीन जोशी




