हरिद्वार, 12 मई (हि.स.)। कोरोना वायरस के कारण विश्व की विकट परिस्थितियों को देखते हुये अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद के मार्गदर्शक एवं संरक्षक आईपीएस जुगुल किशोर तिवारी ने परिषद के सभी सदस्यों एवं पदाधिकारियों से आगामी 14 मई को अक्षय तृतीया पर भगवान श्री परशुराम जन्म उत्सव को इस महामारी में घर पर रहकर ही मनाएं जाने का अनुरोध किया है। उन्होंने अपने सन्देश में कहा कि हम सब फेसबुक, व्हाट्स ऐप, ट्वीटर, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम आदि पर भगवान परशुराम जी का चित्र डीपी के रूप में लगायें। हवन संक्षिप्त यज्ञ करें जिससे वातावरण की शुद्धि हो। इस महामारी में जिन स्त्री, पुरुष और बच्चों का निधन हुआ है, उनकी आत्मा की शांति तथा परिवार को सम्बल प्रदान करने के लिए ईश्वर से उनकी आत्मशांति के लिए प्रार्थना करें। उन्होंने बताया कि 14 मई को दोपहर 12 बजे अखिल भारतीय ब्राह्मण परिषद के पेज पर भगवान परशुराम जी के जीवन एवं कृतित्व पर संक्षिप्त प्रकाश डाला जाएगा, इससे सभी लोग जुड़कर सुनें। परिषद की वेबसाइट पर भी भगवान परशुराम की कथा व लेख पढ़ें जा सकते हैं। परिषद के प्रदेश संयोजक पं. बालकृष्ण शास्त्री के अनुसार उत्तराखण्ड के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने विचार -विमर्श कर एवं केन्द्रीय निर्देशानुसार श्री भगवान परशुराम जन्मोत्सव अक्षय तृतीया के अवसर पर सामूहिक कार्यक्रमों को स्थगित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं एवं धर्मालम्बियों से निवेदन किया है कि अपने-अपने घरों में व्यक्तिगत रूप से (सोशल डिस्टेन्सिंग) का ध्यान रखते हुये भगवान का पूजन करें। प्रदेश अध्यक्ष पं. मनोज गौतम ने परिषद के सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि भगवान श्री परशुराम जी के जन्मोत्सव पर लॉकडाउन का पालन करते हुए सभी सनातन प्रेमी परिवार घरों पर ही सूक्ष्म पूजन करें किसी प्रकार का सामूहिक उत्सव न मनायें। हिन्दुस्थान समाचार/रजनीकांत




