नई टिहरी, 31 मार्च (हि.स.)। जनपद टिहरी गढ़वाल में सरकारी महकमों ने कोरोना काल (वित्तीय वर्ष 2020-21 के तहत जनवरी, 2021 तक) में 19806 लोगों को लाभान्वित कर स्वरोजगार दिया है। जिले में विकास विभाग ने 858, जिला उद्योग केंद्र ने 155, कृषि विभाग ने 1042, उद्यान विभाग ने 12392, पशुपालन विभाग ने 990, मत्स्य विभाग ने 46, सहकारिता विभाग ने 4310 व पर्यटन विभाग ने 13 लोगों को लाभान्वित कर स्वरोजगार देने का काम किया है। यह जानकारी डीएम इवा श्रीवास्तव ने दी है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के बाद से राज्य सरकार प्रदेश में स्वरोजगार स्थापना पर विशेष जोर दे रही है। जनपद टिहरी गढ़वाल के स्वरोजगार से जुड़े विभागों के अधिकारियों ने सरकार के निर्देशों के तहत राज्य एवं केन्द्र सरकार की विभिन्न स्वरोजगारपरक योजनाओं को धरातल पर उतारने काम तत्परता से किया है। स्थानीय जनता ने भी कोरोना काल में अपना खुद का व्यवसाय चलाने में रुचि दिखाई है। जनपद में ऐसे कई स्वरोजगारी हैं, जिन्होंने विभिन्न विभागों की स्वरोजगारपरक सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर सफल स्वरोजगारी बनने की ओर कदम बढ़ाये हैं। ग्राम संगठन मनसा देवी, नैलचामी मत्स्यजीवी सहकारी समिति, एनआरएलएम समूह ग्राम दन्देली के साथ ही स्थानीय निवासियों में गजेन्द्र बन्थवाण, मनोज सकलानी आदि स्वरोजगार को लेकर लगातार बेहतर प्रयास कर रहे हैं।हिन्दुस्थान समाचार/प्रदीप डबराल/मुकुंद




