आरडी खाते के पैसे को लेकर महिला सहकर्मी से हुआ था विवाद हमीरपुर, 27 मई (हि.स.)। गुरुवार को यूनियन बैंक के फ्रेंचाइजी ने शमशान घाट पहुंचकर खुद को गोली से उड़ा लिया। दिनदहाड़े हुई वारदात से क्षेत्र में हड़कम्प मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वारदात के पीछे महिला सहकर्मी से आरडी खाते के पैसे को लेकर विवाद बताया जा रहा है। जिले के कुरारा कस्बा निवासी ओमप्रकाश (45) यूनियन बैंक फ्रेंचाइजी है। इसके साथ एक महिला सहकर्मी भी काम करती है। महिला सहकर्मी ने आरडी खाता खुलवा रखा था। ओमप्रकाश ही खाते में आरडी का पैसा जमा करते थे। आरडी के भुगतान को लेकर महिला सहकर्मी का बैंक फ्रेंचाइजी से विवाद हो गया, जिस पर उसने काम भी छोड़ दिया था। गुरुवार को महिला सहकर्मी के कारण ओमप्रकाश ने आत्महत्या करने का फैसला किया। अपनी मोटरसाइकिल से वह सीधे कस्बे में भोली रोड स्थित शमशान घाट पहुंचा और अवैध असलहे से खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गयी। थाने के इंस्पेक्टर बांके बिहारी सिंह ने बताया कि यूनियन बैंक के फ्रेंचाइजी ओमप्रकाश का महिला सहकर्मी नीरज के साथ आरडी के पैसे को लेकर विवाद था। आरडी खाते में करीब तीन लाख रुपये जमा हैं, जिसे निकालने के लिये ये साइन नहीं कर रहा था। इसी विवाद में उसने आत्महत्या कर ली है। बताया कि मौके से अवैध तमंचा तीन सौ पन्द्रह बोर व कारतूस व मोटरसाइकिल बरामद की गयी है। मामले की जांच जारी है। मरने से पहले फेसबुक में पोस्ट किया मित्रों को संदेश ओमप्रकाश ने मरने से पहले फेसबुक आईडी में अपने मित्रों के लिये एक संदेश पोस्ट किया। इसमें उसने लिखा कि अच्छा चलता हूं, दुआओं में याद रखना। मेरे जिक्र का जुबां में स्वाद रखना। ये पोस्ट पढ़ते ही उनके तमाम मित्र हतप्रभ रह गये हैं। घटना की सूचना से परिजन और मृतक की पत्नी बदहवाश है। हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/विद्या कान्त




