update-true-religion-is-always-simple-there-is-no-politics-in-it-priyanka-gandhi
update-true-religion-is-always-simple-there-is-no-politics-in-it-priyanka-gandhi

(अपडेट) सच्चा धर्म हमेशा सरल होता है,उसमें राजनीति नहीं होती: प्रियंका गांधी

-संत रविदास के दर पर कांग्रेस महासचिव ने टेका मत्था, पंगत में बैठकर प्रसाद खाया वाराणसी, 27 फरवरी (हि.स.)। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शनिवार को संत शिरोमणि रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर पहुंची। संत रविदास की 644वीं जयंती पर प्रियंका ने मंदिर में गुरु प्रतिमा के समक्ष मत्था टेकने के बाद आशीर्वाद मांगा। मंदिर में दर्शन पूजन के बाद उन्होंने डेरा सच्चा बल्लखंड के संत निरंजन दास से आशीर्वाद लिया। और लंगर में जमीन पर पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। मुख्य सत्संग पंडाल के मंच पर प्रियंका गांधी ने संत निरंजन दास के बगल में बैठकर रैदासियों के आपसी प्रेम, सद्भाव और सेवा भाव को जमकर सराहा। रैदासियों को सम्बोधित करते हुए प्रियंका ने कहा कि सच्चा धर्म लोगों को आपस में जोड़ने के साथ सेवा भाव जगाता है। सच्चा धर्म हमेशा सरल धर्म होता है उसमें कोई राजनीति नहीं होती, कोई भेदभाव नहीं होता, किसी का सम्प्रदाय नहीं देखा जाता, जाति नहीं देखी जाती सिर्फ इन्सानियत देखी जाती है। प्रियंका ने कहा कि सच्चा धर्म जो होता है, उसमें दया, करुणा, सच्चाई और सेवा का भाव जागृत होता है। सच्चा धर्म कभी बैर नहीं रख सकता, कभी लोगों को अलग नहीं कर सकता, लोगों को तोड़ नहीं सकता, राजनीति नहीं सिखाता। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि की जो ख्वाहिश थी कि आपसी प्रेम व सद्भाव हो और एक दूसरे की सेवा की जाए। यह ख्वाहिश राजनीति में भी कायम रहे। उन्होंने कहा कि मेरी तरह जो लोग राजनीति में आते हैं, वह इसी सेवा भाव से देश की सेवा करें। गुरु रविदास ने सच्चे धर्म की स्थापना की और प्रेम का संदेश दिया। रैदासी भक्तों की सराहना कर उन्होंने कहा कि आप सभी धन्यवाद के पात्र हैं। आपने संत रविदास के सच्चे धर्म को जगाए रखा है। इसके पीछे न कोई राजनीति है और न कोई मकसद। संत रविदास महाराज ने सिखाया है सबकी सेवा होनी चाहिए, सबको अन्न मिलना चाहिए, सबको छत मिलना चाहिए। आपका समाज इस धर्म को निभा रहा है। प्रियंका ने कोरोना काल में पार्टी के सेवाभाव का भी जिक्र किया। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह लल्लू‚ पूर्व विधायक अजय राय‚ महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे आदि का परिचय भी प्रियंका ने संत निरंजन दास से कराया। इसके पहले प्रियंका गांधी का काफिला कड़ी सुरक्षा के बीच सीर गोवर्धनपुर पहुंचा। प्रियंका गांधी को देखने के लिए जन्मस्थान पर भीड़ उमड़ पड़ी। प्रियंका मंदिर से कुछ कदम पहले उतर कर पैदल ही गुरु दरबार में गई। मंदिर परिसर में ट्रस्टियों ने उनकी अगवानी की। हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/संजय

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in