अंतिम संस्कार में शामिल हुए सुनील बंसल, स्वतंत्रदेव सिंह, केशव प्रसाद मौर्य, गोविन्द नारायण शुक्ल समेत अन्य लोग शामिल हैदराबाद/ लखनऊ, 06 मई(हि.स.)। उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश सह महामंत्री संगठन स्व.भवानी सिंह गुरुवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। उनका अंतिम संस्कार हैदराबाद में ही किया गया। वे 51 वर्ष के थे। स्व.सिंह के असमय निधन से बीजेपी कार्यकर्ता समेत संघ परिवार शोकाकुल और मर्माहत है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल प्लेटफार्म जानकारी देते हुए लिखा है कि उनके अंतिम यात्रा में शामिल होने हैदराबाद आया हूं। स्व.सिंह स्मृतियों में सदा जीवंत हरेंगे। ईश्वर पुण्य आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों सहित समर्थकों को संबल दें। गौरतलब है कि कोरोना से संक्रमित होने पर उनका इलाज पीजीआई लखनऊ में चल रहा था। अचानक हालत गंभीर देख उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर उन्हें इलाज के लिए हैदराबाद एयर एम्बुलेंस से भेजा गया। जहां उन्होंने इलाज के दौरान बुधवार को अंतिम सांस ली। उनके अंतिम संस्कार में राष्ट्रीय सचिव एवं उप्र के सह प्रभारी वाई सत्या कुमार, उप्र के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल, प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल, तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार बांडी, तेलंगाना संगठन महामंत्री श्रीनिवासुलु, आरएसएस के प्रान्त प्रचारक देवेन्द्र कुमार समेत अन्य लोग उपस्थित रहे। वे मूल रूप से फर्रुखाबाद जिले के रहने वाले थे। वे संघ में 30 साल तक पूर्णकालिक प्रचारक रहे। आगरा के विभाग प्रचारक से जुलाई 2013 में भाजपा संगठन में भेजा गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने उन्हें पिछले वर्ष के नवम्बर माह के आखिरी दिनों में उत्तर प्रदेश के पार्टी संगठन में सह-संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी थी। उनका केन्द्र काशी था। इसके पूर्व वे ब्रज और कानपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री रहे। अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण के लिए समर्पण निधि अभियान में उन्होंने बढ़-चढ़ कर भागीदारी की थी। बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा को भारी सफलता दिलाने में अहम योगदान दिया था। हिन्दुस्थान समाचार/शरद




