तिरंगा रैली में उमड़ा जनसैलाब, भारत माता और श्रीराम के जयकारों की गूंज
मेरठ, 24 जनवरी (हि.स.)। गणतंत्र दिवस के पूर्व भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा के नेतृत्व में हर साल की तरह इस बार भी तिरंगा रैली धूमधाम के साथ निकाली गई। रैली में शामिल युवाओं ने हाथों में तिरंगा लहराते हुए जय श्री राम और भारत माता की जय के नारों से आसमान को गुंजायमान कर दिया। रैली में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बनता था। गणतंत्र दिवस से पहले हर साल भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा के नेतृत्व में शहर में तिरंगा रैली निकाली जाती है। रविवार को भी श्री राम पैलेस स्थित कमल दत्त शर्मा के आवास से लगातार आठवीं बार इस रैली का आयोजन किया गया। रैली में सैकड़ों दोपहिया और चार पहिया वाहन शामिल हुए। सभी वाहनों पर तिरंगा लहराते हुए सड़क से गुजरते युवाओं ने भारत माता की जय और जय श्रीराम के नारे लगाए तो आसमान गूंज उठा। रैली रेलवे रोड, घंटाघर, बुढ़ाना गेट से होते हुए अंबेडकर चौक पर समाप्त हुई, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके उनका नमन किया। भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा ने कहा कि शुरुआत में यह रैली उनके द्वारा निकाली जा रही थी, लेकिन धीरे-धीरे अब इस रैली को शहर की जनता ने अपने हाथ में ले लिया है। रैली में शामिल सैकड़ों युवाओं का सैलाब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति युवाओं की दीवानगी साबित करने के लिए काफी है। हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप-hindusthansamachar.in