मेरठ, 01 मई (हि.स.)। 18 से 44 वर्ष की आयु तक के लोगों का शनिवार से कोरोना टीकाकरण शुरू हो गया। मेरठ में दस टीकाकरण केंद्रों पर दोपहर 12 बजे से टीकाकरण शुरू हुआ। टीके लगवाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। मेरठ में कोरोना वैक्सीनेशन के लिए दस केंद्र बनाए गए हैं। इनमें जिला चिकित्सालय में रेडक्रास सोसाइटी, आईसीयू वार्ड और महिला जिला अस्पताल में केंद्र बनाए गए है। एलएलआरएम मेडिकल काॅलेज में दो, कैंट अस्पताल, कृषि विवि, चौधरी चरण सिंह विवि, मुल्तान नगर स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रजपुरा नगरीय स्वास्थ्य केंद्र में टीके लगाने का केंद्र बनाया गया। इन सभी केंद्रों पर शनिवार सुबह से ही वैक्सीनेशन सेंटरों के बाहर लोगों की भीड़ उमड़ने लगी। दोपहर 12 बजे वैक्सीनेशन प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही कई सेंटरों पर अफरा-तफरी के हालात बन गए। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों को कई बार लाठियां भी फटकारनी पड़ीं। कैंट अस्पताल सहित कई केंद्रों पर लोगों ने शारीरिक दूरी के नियम का पालन नहीं किया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डाॅ. प्रवीण गौतम का कहना है कि 18 से 44 वर्ष की आयु तक के लोगों को टीके लगाए जा रहे हैं। शाम पांच बजे तक टीकाकरण किया जाएगा। पहले दिन तीन हजार लोगों को टीके लगाए जाएंगे। हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप




